लखनऊ, अभिव्यक्ति न्यूज। अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के लिए पहली ईंट रखने वाले VHP नेता कामेश्वर चौपाल का शुक्रवार को निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। राम मंदिर ट्रस्ट के मीडिया सेंटर की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, VHP नेता कामेश्वर चौपाल ने दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में अंतिम सांस ली। CM Yogi Adityanath और आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने VHP नेता कामेश्वर चौपाल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने दी थी ‘प्रथम कार सेवक’ की उपाधि

अयोध्या के राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य VHP नेता कामेश्वर चौपाल लंबे समय से गुर्दा संबंधी बीमारी से पीड़ित चल रहे थे। वह मूलत: पटना के रहने वाले थे। उन्होंने नौ नवंबर 1989 को अयोध्या में राम मंदिर के शिलान्यास समारोह में पहली ईंट रखी थी। उस समारोह को कामेश्वर चौपाल ने ही संपन्न कराया था। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने VHP नेता कामेश्वर चौपाल को ‘प्रथम कार सेवक’ की उपाधि से सम्मानित किया था। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर किए गए पोस्ट में कहा, ‘‘विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय उपाध्यक्ष, बिहार प्रांत के माननीय अध्यक्ष, श्री राम जन्मभूमि के तीर्थ क्षेत्र के न्यासी, दो बार के सांसद एवं श्री रामलला के मंदिर की प्रथम ईंट रखने वाले श्री कामेश्वर चौपाल जी का निधन बेहद दुखद और स्तब्ध करने वाला है।’’ इसी पोस्ट में आगे कहा गया है, ‘‘हम सब दिवंगत पुण्यात्मा की शांति और परिजनों को धैर्य प्रदान करने के लिए प्रभु से कामना करते हैं।’’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया गहरा दुख

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर VHP नेता कामेश्वर चौपाल के निधन पर शोक जताते हुए लिखा है कि विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय उपाध्यक्ष, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के सदस्य एवं 9 नवम्बर 1989 को आयोजित ऐतिहासिक शिलान्यास समारोह में पूज्य संत गण की उपस्थिति में श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण की प्रथम शिला रखने वाले परम राम भक्त कामेश्वर चौपाल का निधन अत्यंत दुःखद है। उनका पूरा जीवन धार्मिक और सामाजिक कार्यों में समर्पित रहा। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! मुख्यमंत्री ने आगे लिखा है कि प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!

यूपी के आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने भी जताया दुख

यूपी के आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने VHP नेता कामेश्वर चौपाल के निधन पर दुख जताते हुए अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय उपाध्यक्ष, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के सदस्य एवं श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण की प्रथम शिला रखने वाले परम राम भक्त श्री कामेश्वर चौपाल जी का निधन अत्यंत दुःखद है। प्रभु श्री राम दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!

इसे भी पढ़ें : कैबिनेट फैसला : यूपी के आर्थिक विकास को जल परिवहन और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *