हरिद्वार, अभिव्यक्ति न्यूज। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस का दुर्दांत और समाज के लिए नासूर बन रहे अपराधियों के खिलाफ ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ जारी है। हरिद्वार की पथरी पुलिस ने शनिवार की देर रात में आठ साल की मासूम बच्ची के साथ रेप के बाद गला दबाकर हत्या करने की कोशिश करने और पिता द्वारा विरोध करने पर तमंचा दिखाकर भाग जाने के आरोपी को चंद घंटों में ही मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ में आरोपी पुलिस की गोली लगने से ‘लंगड़ा’ हो गया है। पुलिस ने आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। रेप की शिकार हुई मासूम बच्ची की भी हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया है।
गंभीर हालत में बच्ची को लेकर थाने पहुंचा था पिता

हरिद्वार के एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने अभिव्यक्ति न्यूज को बताया कि बिहार मूल का व्यक्ति शनिवार की देर शाम अपनी आठ साल की बच्ची को बेहोशी की हालत में लेकर पथरी थाना पुलिस के पास पहुंचा। पीड़ित ने बताया कि एक व्यक्ति ने उसकी बच्ची को जंगल में ले जाकर उसके साथ रेप किया है। आरोपी ने बच्ची को जान से मारने की नीयत से उसका गला दिया है। पीछा करने पर आरोपी उसे तमंचा दिखाकर फरार हो गया है।
एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल की कार्रवाई

अभिव्यक्ति न्यूज संवाददाता के अनुसार मामला नाबालिग से रेप से जुड़ा होने के चलते पुलिस कप्तान प्रर्मेंद्र डोबाल ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। सीओ लक्सर नताशा सिंह की अगुवाई में पथरी थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने पुलिस टीम को साथ लेकर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी को दीनारपुर के जंगल में घेर लिया। अपने को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर ही फायर झोंक दिया। जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने पर आरोपी दयानंद सिंह निवासी ग्राम जलारी थाना ग्वालपारा जिला मधेपुरा बिहार घायल हो गया। पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया और इलाज कराने के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
बच्ची का इलाज कराएगी हरिद्वार पुलिस
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि मासूम से रेप के आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। बच्ची की हालत गंभीर देखते हुए बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया है। एसएसपी ने बताया कि बच्ची बिहार मूल के मजदूर परिवार से जुड़ी होने के चलते इलाज में कोई दिक्कत न आए, इसलिए उसकी देखरेख और उपचार की जिम्मेदारी भी हरिद्वार पुलिस ने उठाने का फैसला लिया है।
इसे भी पढ़ें : UP News : रिटायर्ड आईएएस अवनीश अवस्थी का फिर बढ़ा कार्यकाल, बने रहेंगे सीएम योगी के सलाहकार
