हरिद्वार, अभिव्यक्ति न्यूज। अभी तक हम पढ़ते और सुनते आए हैं कि An Apple a Day, Keeps Doctors Away, लेकिन Abhivyakti News अपने कॉलम Health Tips में हरिद्वार के वैद्य डॉ. दीपक कुमार के हवाले से बता रहा है कि एक चुकंदर (Beetroot) रोज खाने से हमारा शरीर चुस्त-दुरुस्त रहेगा और हम कई तरह की बीमारियों से दूर रह सकते हैं। चुकंदर (Beetroot) हमारे शरीर में खून बढ़ाने के साथ ही हमारे दिल को भी मजबूत रखता है, जिससे हार्ट अटैक का खतरा कम हो जाता है, साथ ही चुकंदर ब्लड प्रेशर को भी नियंत्रित रखने में मदद करता है।

Beetroot खून बढ़ाने के साथ कई बीमारियों से लड़ने में बनता मददगार
चुकंदर (Beetroot) को ज्यादातर लोग इसके लाल रंग के कारण खून बढ़ाने में मददगार के रूप में जानते हैं, लेकिन चुकंदर को सुपरफूड माना जाता है, जो हमारे शरीर में कई तरह की बीमारियों से लड़ने की क्षमता पैदा करता है। चुकंदर को हम सलाद और जूस के रूप में इस्तेमाल कर सकते हैं। चुकंदर आयरन का अच्छा स्रोत है। इसमें फोलिक एसिड प्रचुर मात्रा में होता है जो कि हमारे शरीर में खून बढ़ाने में मददगार है। इसमें बीटानिन पिगमेंट पाया जाता है। चुकंदर में नाइट्रेट, पोटेशियम, मैग्नीशियम, कैल्शियम, सोडियम, फॉस्फोरस, आयोडीन, विटामिन बी1, बी2 और विटामिन सी पाया जाता है। इसके साथ ही चुकंदर में एंटीऑक्सीडेंट तत्व भी अच्छी मात्रा में पाया जाता है। चुकंदर के नियमित उपयोग से दिल को मजबूत करने में मदद मिलती है और ब्लड प्रेशर भी नियंत्रित रहता है। मसल्स को मजबूत करता है, जिससे हमारा स्टेमिना बढ़ता है और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाकर कई बीमारियों से लड़ने में मदद करता है। हरिद्वार की आदर्श आयुर्वेदिक फार्मेसी के वैद्य डॉ. दीपक कुमार से जानते हैं कि रोजाना चुकंदर खाने से हमारे शरीर को क्या फायदे होते हैं —

रोजाना चुकंदर खाने या जूस पीने से मिलते हैं ये लाभ
चुकंदर का सेवन करने से एनीमिया, कब्ज और माहवारी की समस्या दूर होती है।
चुकंदर का सेवन शरीर में खून की मात्रा बढ़ाता है, इसलिए महिलाओं के लिए ये किसी वरदान से कम नहीं है।
चुकंदर का सेवन सलाद व जूस के रूप में करना काफी फायदेमंद होता है। इसमें आयरन, पोटेशियम, फास्फोरस, कैल्शियम, विटामिन डी और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में होते हैं। जो हमारे दिल को मजबूत रखने में मदद करते हैं।
आयुर्वेद में बताया गया है कि यह खून तो बढ़ाता ही है, साथ ही पेशाब संबंधी समस्याओं को भी दूर करता है।
चुकंदर में भरपूर मात्रा में फाइबर होता है जिस वजह से ये कब्ज और बवासीर की तकलीफ को दूर करने में सहायक होता है।
चुकंदर का सेवन शरीर से विषैले पदार्थों को बाहर निकाल देता है और इस कारण रक्त साफ हो जाता है।
चुकंदर को नियमित खाया जाए तो ये शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि करता है।
चुकंदर शरीर में कैल्शियम को बढ़ाता है, जिससे हड्डियां मजबूत होती हैं।

चुकंदर फायदेमंद बहुत है, लेकिन संभल कर खांएं, नुकसान भी पहुंचा सकता है
वैद्य डॉ. दीपक कुमार के अनुसार चुकंदर खाने के फायदे बहुत हैं, लेकिन चुकंदर का एक निश्चित मात्रा में सेवन ही लाभदायक होता है, ज्यादा खाने से कई बार नुकसान उठाना पड़ सकता है। उनके अनुसार प्रतिदिन चुकंदर की एक निश्चित मात्रा का सेवन करना ही लाभदायक होता है। यदि आप इसे जूस के रूप में लेते हैं तो प्रतिदिन लगभग 200 से 250 मिलीलीटर ही लेना लाभदायक होता है। जिन्हें लो ब्लड प्रेशर की समस्या है उन्हें चुकंदर खाने से बचना चाहिए। कैल्शियम ऑक्सलेट से संबंधित पथरी की समस्या होने पर भी चुकंदर के जूस का सेवन नहीं करना चाहिए। चुकंदर में ऑब्जेक्ट की मात्रा अधिक होती है, जो पथरी के निर्माण को बढ़ा सकती है। चुकंदर में फाइबर की मात्रा अधिक होती है, इसलिए अधिक मात्रा में चुकंदर खाने से मितली और दस्त और कब्ज की समस्या हो सकती है।
इसे भी पढ़ें : मानव शर्मा केस : ‘प्लीज मर्दों की सोचो, बेचारे बहुत अकेले हैं…’ कहकर फंदे पर झूला टीसीएस मैनेजर
