लखनऊ, अभिव्यक्ति न्यूज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को विधान परिषद में ऐलान किया कि जल्द ही 30 हजार पुलिस कार्मिकों की नई भर्ती शुरू की जाएगी। प्रदेश में मुरादाबाद में गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय समेत तीन नए विश्वविद्यालय खोले जा रहे हैं। योगी ने सपा मुखिया अखिलेश यादव की विदेश में पढ़ाई पर तंज कसा। कहा कि जो अपने बच्चों को आस्ट्रेलिया में पढ़ाते हैं, उन्होंने गरीब बच्चों का ध्यान नहीं रखा।

मुल्ला-मौलवी के बजाय डॉक्टर, इंजीनियर और वैज्ञानिक बनेंगे बच्चे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को विधानसभा बजट सत्र के छठवें दिन विधान परिषद में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर 1 घंटे 26 मिनट बोले। महाकुंभ के आयोजन पर किए जा रहे दुष्प्रचार व राज्यपाल के अभिभाषण पर किए गए व्यवहार पर विपक्ष को आइना दिखाया। कहा कि विपक्ष का व्यवहार किसी भी आदर्श लोकतंत्र को स्वीकार नहीं होगा। पूर्व सीएम अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि अब कठमुल्लापन की संस्कृति नहीं चलेगी। सभी बच्चे ईश्वर की अनुपम कृति हैं। बिना किसी भेदभाव के सरकार सभी को आधुनिक शिक्षा से जोड़ रही है। मुल्ला और मौलवी के बजाय बच्चों को डॉक्टर, इंजीनियर और वैज्ञानिक बनाना चाहते हैं।
अब तक 1.56 लाख पुलिस वालों की कर चुके भर्ती
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार की तमाम योजनाओं के साथ तेजी से हो रहे विकास कार्य, निवेश, औद्योगीकरण, रोजगार आदि पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती में 2017 से अब तक 1 लाख 56 हजार पदों पर भर्ती की जा चुकी है। वर्तमान में 60 हजार 200 पुलिस कार्मिकों की भर्ती की अगले एक महीने में ट्रेनिंग शुरू हो जाएगी, जबकि 30 हजार नई पुलिस कार्मिकों की भर्तियां जल्द आने वाली हैं।
प्रदेश के प्रत्येक मंडल में होगा विश्वविद्यालय
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी में 1565 विद्यालयों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। प्राइमरी से लेकर 12वीं तक मुख्यमंत्री विद्यालय खोले जा रहे हैं। कहा कि सरकार हर मंडल में एक विश्वविद्यालय बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। सहारनपुर, अलीगढ़ और आजमगढ़ में नए विश्वविद्यालय बन गए हैं, जबकि तीन नए विश्वविद्यालय मिर्जापुर, मुरादाबाद और देवी पाटन में बनाए जा रहे हैं। इसके साथ ही कुशीनगर में कृषि विश्वविद्यालय बन रहा है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव पर तंज कसते हुए कहा कि आप वित्तविहीन शिक्षक रहे हैं, इसी कारण मौज कर रहे हैं।
यूपी की कानून-व्यवस्था देश में नजीर
मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर बोलते हुए कहा कि प्रदेश में वर्ष 2017 के पहले की कानून व्यवस्था की क्या स्थिति थी, यह सभी जानते हैं। उस दौरान हर दूसरे और तीसरे दिन दंगा होता था। प्रदेश में कोई बेटी सुरक्षित नहीं थी, लोग पलायन को मजबूर थे। लेकिन, 2017 के बाद जो व्यवस्था आई, उसके प्रदेश की कानून व्यवस्था को पूरी तरह से बदल दिया। आज प्रदेश की कानून व्यवस्था देश में एक नजीर बनी हुई है।
इसे भी पढ़ें : यूपी में शराब कारोबारियों में मची होड़, दुकानों के आवंटन को दो लाख आवेदन, अभी दो दिन बाकी
