देहरादून, अभिव्यक्ति न्यूज। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस बार सेना और एसएसबी के जवानों के बीच दीपावली का त्योहार मनाया। मुख्यमंत्री धामी गुरुवार को लैंसडाउन छावनी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने वार मेमोरियल पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। वहीं, शुक्रवार को चम्पावत के बनबसा में आयोजित एसएसबी के कार्यक्रम में शामिल होकर जवानों और पूर्व सैनिकों को दीपावली की बधाई दी।

धामी ने सेना के जवानों के बीच कहा, जहां परिवार होता है, पर्व वहीं मनाया जाता है

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को लैंसडाउन में सेना के अधिकारियों, जवानों और उनके परिजनों के बीच पहुंच कर कहा कि दीपावली के शुभ अवसर पर आप सबके बीच में आकर मैं बहुत गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। कहा जाता है कि पर्व वहीं होता है, जहां परिवार होता है। सब मिलकर उत्सव मनाते हैं। पर्व के दिन अपने परिवार से दूर रहना अपने आप में कर्तव्यनिष्ठा की पराकाष्ठा है। यदि पूरे देश के लोग दीपावली मना रहे हैं और वह निश्चित तौर पर सुरक्षित हैं, तो यह हमारे जवानों की बदौलत ही संभव है। जवान 24 घंटे देश की सीमा पर तैनात रहकर देश को सुरक्षित रखते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के बलिदानी सैनिकों के परिजनों को मिलने वाली 10 लाख रुपये की धनराशि को बढ़ाकर 50 लाख रुपये करने का प्रावधान किया गया है।

जवानों के बीच आकर बेहद खुशी हो रही : धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चम्पावत के बनबसा में एसएसबी के आयोजित कार्यक्रम में शुक्रवार को प्रतिभाग करते हुए सर्वप्रथम वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर उन्होंने एसएसबी के जवानों, सीआईएसएफ के जवानों, पूर्व सैनिकों से भी भेंट की। मुख्यमंत्री ने एसएसबी के अधिकारियों, जवानों और उनके परिजनों को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण पर्व पर अपने परिवार से दूर रहने के बावजूद आपके उत्साह में कोई कमी नहीं है। मुझे जवानों के बीच रहकर अपार खुशी हो रही है। आप सभी का उत्साह देखकर मेरे अंदर भी नई ऊर्जा का संचार हो रहा है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *