देहरादून, अभिव्यक्ति न्यूज। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राम नवमी और दुर्गा नवमी के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में सपरिवार पूजा – अर्चना की। उन्होंने नौ दुर्गा की प्रतीक नौ कन्याओं का पूजन भी किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं दी और प्रदेश की खुशहाली के साथ प्रदेशवासियों की सुख तथा समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी रामनवमी की बधाई
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रामनवमी के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान राम हमारी आस्था के प्रतीक हैं। उनका आदर्श चरित्र हमें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्री राम का व्यक्तित्व धैर्य, मर्यादा, त्याग, तपस्या, नैतिक आचरण, सदाचार और परोपकार से युक्त गुणों का उदाहरण प्रस्तुत करता है।
राम ने हम सभी के कल्याण के लिए मानव रूप में अवतार लिया
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह ने कहा कि भगवान श्री राम ने स्वयं ब्रह्मस्वरूप होते हुए भी मानव रूप में हम सभी के कल्याण के लिए अवतार लिया तथा आदर्श व सद्चरित मनुष्य का जीवन कैसा होना चाहिए इसका उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने अपने जीवन में आई तमाम कठिनाईओं का सामना जिस आदर्शता के साथ किया वह मानव समाज के लिए सदैव प्रेरणा देने वाला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के व्यक्तित्व को अपने जीवन में उतारने का प्रयास करना चाहिये। राम नवमी का पावन पर्व हम सबके जीवन में सुख शांति व समृद्धि लाए इसकी भी मुख्यमंत्री ने कामना की है।
इसे भी पढ़ें : देश में Uniform Civil Code की जरूरत, केंद्र और कर्नाटक सरकार से बोला हाईकोर्ट- कानून बनाओ