मुरादाबाद, अभिव्यक्ति न्यूज। रामपुर की इंटेलीजेंस यूनिट में तैनात हवलदार को रामपुर के ही महिला थाने में तैनात अपनी हवलदार पत्नी के चरित्र पर शक था। हवलदार पति को शक था कि उसकी पत्नी उसके साथ बेवफाई कर रही है। इसी शक में उसने अपने बहनोई के साथ मिलकर हवलदार पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। दोनों ने शव ठिकाने लगाने और पहचान मिटाने के लिए धड़ से करीब 50 मीटर दूर सिर फेंका और उसे आग से जलाने की भी कोशिश की। पुलिस ने महिला के मायके वालों की मदद से शव की शिनाख्त करने के बाद आरोपी पति और उसके बहनोई को गिरफ्तार कर लिया है।

रामपुर में ही तैनात थे पति-पत्नी, बच्चे भी थे

बिजनौर के थाना चांदपुर के गांव रायपुर खादर निवासी सोनू की तैनाती वर्ष 2022 से रामपुर में अभिसूचना इकाई की विशेष शाखा में हेड कांस्टेबल के पद पर थी, जबकि उसकी हेड कांस्टेबल पत्नी रिंकी लगभग एक वर्ष से महिला थाने में तैनात थी। दोनों बच्चों के साथ ज्वालानगर स्थित मोहल्ला लक्ष्मी नगर में रह रहे थे। सोनू ने 15 अक्टूबर को रामपुर के सिविल लाइन्स थाने में अपनी हेडकांस्टेबल पत्नी रिंकी के अचानक लापता हो जाने का आरोप लगाते हुए गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद वह भी अपने प्रभारी आशुतोष मिश्रा से पत्नी को तलाश करने के लिए तीन दिन का अवकाश लेकर चला गया था।

मुरादाबाद के कटघर क्षेत्र में रामगंगा किनारे मिला था महिला हेड कांस्टेबल का शव

मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह कुछ किसान रामगंगा के किनारे अपने खेतों में काम करने जा रहे थे, तो उन्हें बदबू आई। इस पर तलाश किया तो झाड़ियों में महिला की सिर कटी लाश पड़ी थी। इस पर किसानों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर मुरादाबाद के आला पुलिस अफसर मौके पर पहुंच गए। साक्ष्य जुटाने के लिए फारेंसिक टीम को भी बुलाया गया। साक्ष्य संकलन के दौरान महिला के शव से करीब 50 मीटर दूर सिर भी मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी और महिला की शिनाख्त कराने की कोशिश की।

महिला हेडकांस्टेबल के लापता होने की जांच कर रहे दरोगा ने की पहल

मुरादाबाद की कटघर थाना पुलिस ने महिला के शव की शिनाख्त कराने के इरादे से आसपास के थानों के साथ ही आसपास के जिलों की पुलिस को भी महिला के शव के फोटो भेजे। महिला हेड कांस्टेबल के लापता होने के मामले की जांच कर रहे दरोगा तरुण वर्मा को जानकारी हुई कि मुरादाबाद जनपद के थाना कटघर क्षेत्र में 18 अक्टूबर को अज्ञात महिला जिसकी उम्र करीब 35 वर्ष है, का शव रामगंगा नदी के किनारे मिला है। इसके बाद पुलिस महिला हेड कांस्टेबल रिंकी के मायके वालों की मदद से उसकी शिनाख्त कराई। इसके बाद मृतका हेड कांस्टेबल की मां ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी रिंकी की हत्या उसके पति सोनू कुमार ने की है और शव छिपाने के इरादे से रामगंगा के किनारे फेंक दिया था।

सोनू ने हवलदार पत्नी का शव पहचानने से कर दिया था इनकार

रामपुर के एएसपी अतुल कुमार श्रीवास्वत ने बताया कि महिला हवलदार रिंकी के शव की शिनाख्त पहले उसके पति सोनू कुमार से की गई थी, लेकिन उसने शव को पहचानने से इनकार कर दिया, लेकिन उसके हाव-भाव से शक होने पर महिला के मायके वालों से शिनाख्त कराई गई। मृतका के मायके वालों ने शव की शिनाख्त उसके बांह में गुदे ओम और उंगली के नाखून से की। इस पर आरोपी पति सोनू कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

सोनू ने बहनोई के साथ हत्या करने की बात स्वीकार की

एएसपी अतुल कुमार के अनुसार पूछताछ में आरोपी सोनू ने बताया कि उसने अपने बहनोई ब्रजपाल के साथ मिलकर रिंकी की हत्या की थी और सुबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को मुरादाबाद की रामगंगा नदी के किनारे फेंक दिया था। देर रात को पुलिस ने सोनू और बहनोई ब्रजपाल उर्फ बंटी को आश्रम पद्धति स्कूल के पास से गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू और कार भी बरामद कर ली गई।

पत्नी का उसके गांव के युवक से संबंध होने का था शक

हेड कांस्टेबल रिंकी के साथियों का आरोप है कि सोनू कुमार शक करता था कि उसकी पत्नी रिंका का संबंध उसके ही गांव के किसी युवक से हैं। इस कारण पति-पत्नी के बीच आए दिन झगड़ा होता रहता था। महिला थाने के अधिकारियों के अनुसार मृतका रिंकी ने एक माह का अवकाश लिया था, लेकिन उनके स्टाफ को यह पता नहीं था कि वह अब लौटकर वापस नहीं आएगी। रिंकी की हत्या उसके पति द्वारा अपने बहनोई के साथ मिलकर किए जाने का खुलासा होने के बाद उसके साथ काम करने वाली महिला सिपाही भी सकते में आ गई हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *