मुरादाबाद, अभिव्यक्ति न्यूज। पाकबड़ा थाना क्षेत्र के सैनी बस्ती निवासी ठेकेदार घनश्याम सिंह सैनी की हत्या के आरोपी मनवीर ने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि आठ साल पहले किए गए अपमान का बदला लेने के लिए उसने ही ठेकेदार की हत्या की है। ठेकेदार ने उसे जूतों की माला पहनाई थी और चेहरे पर कालिख पोती थी, इस अपमान को वह भूल नहीं पाया। ठेकेदार को खेत पर सोते जाते देखकर उसने बदला लेने की योजना बना ली। ठेकेदार पर सोते समय चाकू से ताबड़तोड़ वार करके उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को आरोपी मनवीर को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

ठेकेदार घनश्याम सिंह सैनी का फाइल फोटो।

मोहल्ले की लड़की से छेड़छाड़ के आरोप में पहनाई गई थी जूतों की माला

एसपी सिटी रणविजय सिंह ने ठेकेदार हत्याकांड का खुलासा करते हुए बुधवार को बताया कि पाकबड़ा थाना क्षेत्र के सैनी बस्ती निवासी ठेकेदार घनश्याम सिंह सैनी की हत्या एक सप्ताह पूर्व खेत पर सोते समय चाकू से बुरी तरह से हमला करके कर दी गई थी। परिवार के लोगों ने किसी प्रकार की रंजिश से इनकार किया। ऐसे में पुलिस ने ठेकेदार हत्याकांड के खुलासे के लिए क्षेत्र के लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस को पता चला कि आठ साल पहले ठेकेदार के पड़ोस में रहने वाले मनवीर ने मोहल्ले की लड़की के साथ छेड़छाड़ की थी। इसकी शिकायत लड़की ने अपने परिजनों से की। इस पर मोहल्ले के लोगों ने आरोपी युवक को पकड़कर जूते की माला पहनाकर और चेहरे पर कालिख पोतकर उसे मोहल्ले में घुमाया था। आरोपी युवक के अनुसार जूते पहनाकर घुमाने से सबसे प्रमुख भूमिका ठेकेदार ने ही निभाई थी। इस घटना की वजह से पूरी बिरादरी एवं मोहल्ले में मनवीर की बदनामी हुई थी।

मनवीर ने पाकबड़ा छोड़ा, लेकिन तानों ने पीछा नहीं छोड़ा

मोहल्ले की लड़की से छेड़छाड़ के आरोप में मनवीर को जूते की माला पहनाने और चेहरे पर कालिख पोतने की घटना के बाद से ही बेहद अपमानित महसूस कर रहा था। मोहल्ले के लोग उसे देखकर ताना मारते। इसकी वजह से वह और भी अपमानित महसूस करता। उसके मन में इस बात को लेकर और भी ज्यादा गुस्सा भरता गया। उसने कुछ दिनों के लिए पाकबड़ा छोड़ दिया और ट्रक पर ड्राइवरी करने लगा। पाकबड़ा में बहुत कम आना-जाना उसने कर दिया था, लेकिन जब भी वह पाकबड़ा आता लोग उसे ताने देते थे। उसके कई जगह से रिश्ते आये, लेकिन यह बात पता चलने पर उसकी शादी नहीं हो पाई।

अपमान का बदला लेने के बाद सुकून से सोया हत्यारोपी

एसपी सिटी के अनुसार आरोपी ने बीते बुधवार की रात ठेकेदार को घर से खेत पर सोने के लिए जाते हुए देख लिया। इसके बाद ही उसने अपने अपमान का बदला लेने की योजना बना डाली। घर से चाकू उठाकर वह उनके पहुंचने के कुछ ही देर बाद खेत पर पहुंच गया और सोते हुए ठेकेदार के ऊपर ताबड़तोड़ हमले करके उनकी जान ले ली। ठेकेदार ने अपने को बचाने के लिए हाथ आगे किए, लेकिन आरोपी लगातार वार करता रहा, जिससे उसके हाथ पर भी कई घाव हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद हत्यारोपी सुकून से अपने घर जाकर सो गया। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी मनवारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने ठेकेदार की हत्या को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।

पिता के सामने बोला हत्यारोपी, नहीं कोई पछतावा, बहुत सुकून मिला

ठेकेदार हत्याकांड के आरोपी मनवीर ने पुलिस के सामने अपने पिता से कहा कि उसे हत्या करने का कोई अफसोस नहीं है, बल्कि दिल को बेहद सुकून मिला है। पुलिस का दावा है कि मनवीर की गिरफ्तारी के पुलिस जब उसके घर पहुंची तो पिता ने पुलिस की कार्रवाई पर एतराज जताते हुए बेटे का पक्ष लिया। कहा कि उसका बेटा ऐसा नहीं कर सकता है। इस पर मनवीर ने कहा कि पापा मैंने ही मारा है। उसे ठेकेदार की हत्या करने का कोई अफसोस नहीं है। दिल को अब जाकर सुकून मिला है।

इसे भी पढ़ें : बड़ा दांव : मालिक के घर चोरी करके नौकरानी ने बनवा लिया अपना घर, नौकरानी, पति और सर्राफ गिरफ्तार

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *