लखनऊ, अभिव्यक्ति न्यूज। यूपी शासन ने शुक्रवार की आधी रात में प्रदेश की प्रशासनिक मशीनरी में बड़ा बदलाव कर डाला। लखनऊ समेत कई जिलों के जिलाधिकारियों को बदल दिया गया। शासन से जारी सूची के अनुसार 29 आईएएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। हालांकि रात में जारी तबादला आदेश में सुबह होते ही आंशिक संशोधन भी कर दिया गया। लखनऊ के डीएम समेत दो जिलाधिकारियों के तबादले निरस्त कर दिए गए।


प्रयागराज के डीएम बने रवींद्र मांदड़
जौनपुर के डीएम रहे रवींद्र मांदड़ को प्रयागराज का जिलाधिकारी बनाया गया है। रामपुर में डीएम रहने के दौरान रवींद्र ने सपा नेताआजम खां के खिलाफ कई बड़ी कार्रवाई करने के बाद मुख्यमंत्री के खास अफसरों में शामिल हो गए थे। चर्चा है कि मुख्यमंत्री के इसी विश्वास के चलते उन्हें प्रयागराज जैसे महत्वपूर्ण जिले का जिलाधिकारी बनाया गया है। उनके ऊपर अगले साल होने वाले कुंभ मेले के आयोजन की भी जिम्मेदारी भी रहेगी। डॉ. दिनेश चंद्र को जौनपुर का जिलाधिकारी बनाया गया है।
कई जिलों के डीएम इधर से उधर
योगी सरकार की शुक्रवार की रात में जारी तबादला सूची में कई जिलों के जिलाधिकारी इधर से उधर हो गए हैं। अमरोहा, मेरठ, मुजफ्फरनगर और शामली के जिलाधिकारी बदल गए हैं। प्रयागराज के डीएम नवनीत चहल आजमगढ़ के डीएम बनाए गए हैं। प्रयागराज विकास प्राधिकरण के वीसी अरविंद चौहान को शामली का जिलाधिकारी बनाया गया है। शामली के जिलाधिकारी रविंद्र सिंह को फतेहपुर का डीएम बनाकर भेजा गया है। मुजफ्फरनगर के जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा भंगारी को आगरा का जिलाधिकारी बनाया गया है।
बरेली की नगर आयुक्त निधि गुप्ता अमरोहा डीएम बनीं
शासन की ओर से जारी आईएएस के तबादला आदेश के अनुसार बरेली की नगर आयुक्त निधि गुप्ता को अमरोहा की डीएम बनाया गया है। फिरोजाबाद नगर निगम के नगर आयुक्त घनश्याम मीना को हमीरपुर का जिलाधिकारी बनाया गया है। हमीरपुर के जिलाधिकारी राहुल पांडेय हाथरस के डीएम बने हैं। राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक अंजनी कुमार सिंह को मैनपुरी के जिलाधिकारी के पद के तैनाती दी गई है।
कई जिलाधिकारी शासन में भेजे गए
आगरा के डीएम भानु चंद्र गोस्वामी को प्रभारी राहत आयुक्त के पद पर तैनाती दी गई है। इसके अलावा पीसीएस देवेंद्र पाल सिंह बदायूं के नए नगर मजिस्ट्रेट बने हैं। नगर विकास विभाग के विशेष सचिव धर्मेंद्र प्रताप सिंह को शाहजहांपुर का जिलाधिकारी बनाया गया है। फतेहपुर की जिलाधिकारी इंदुमती को चीनी उद्योग तथा गन्ना विकास विभाग की विशेष सचिव बनाया गया है। राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक अंजनी कुमार सिंह को मैनपुरी के जिलाधिकारी के पद के तैनाती दी गई है। शाहजहांपुर के जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह को भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग के विशेष सचिव के तौर पर तैनाती दी गई है। अमरोहा के जिलाधिकारी राजेश कुमार त्यागी को पंचायती राज में विशेष सचिव बनाया गया है।
