नई दिल्ली, अभिव्यक्ति न्यूज। भाजपा के 27 साल बाद सत्ता में आने पर शालीमार बाग से विधायक चुनी गई रेखा गुप्ता दिल्ली में मुख्यमंत्री के पद को संभालेंगी। रेखा गुप्ता का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और बीजेपी से पुराना नाता है। 2020 के चुनाव में वंदना कुमारी से हारने के बाद रेखा गुप्ता ने इस बार 29 हज़ार वोटों से जीत दर्ज की। भाजपा प्रदेश कार्यालय में केंद्रीय पर्यवेक्षकों रविशंकर प्रसाद और ओपी धनखड़ की मौजूदगी में रेखा गुप्ता के नाम पर विधायकों ने सहमति की मुहर लगाई।

छात्र जीवन से राजनीति में सक्रिय रहीं रेखा गुप्ता
हरियाणा के जींद की मूल निवासी रेखा गुप्ता छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय रही हैं। 50 वर्षीय रेखा गुप्ता ने मेरठ से कानून की पढ़ाई की है। उनका राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और बीजेपी से पुराना नाता रहा है। उत्तरी दिल्ली की मेयर रह चुकी गुप्ता के पास प्रशासनिक अनुभव भी है। वह बीजेपी की महिला मोर्चा की प्रभावशाली नेता रही हैं। वह वर्तमान में दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की महासचिव और पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य हैं।
इसे भी पढ़ें : Uttarakhand : कैबिनेट ने दी सख्त land law को मंजूरी, राज्य से बाहर के व्यक्तियों की भूमि खरीद पर प्रतिबंध