रामपुर, अभिव्यक्ति न्यूज। दूल्हे ने दहेज में कार नहीं मिलने पर शुक्रवार की रात में गुस्सा होकर जयमाल के स्टेज पर ही दुल्हन को कई थप्पड़ जड़ दिए। दूल्हे की हरकत से हड़बड़ाई दुल्हन स्टेज से नीचे गिर गई। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई और जमकर कुर्सियां चलीं। मौका पाकर दूल्हा अपने साथियों के साथ भाग गया। मारपीट में दुल्हन सहित 10 लोगों को चोटें आई हैं। सूचना पाकर पहुंची पुलिस दूल्हे के पिता को थाने ले आई। शुक्रवार की रात और शनिवार को दिन भर थाने में समझौते के प्रयास चले, लेकिन दुल्हन से शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्ष एक-दूसरे के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं करने पर सहमत हो गए।

कार के पैसे लाने से इनकार करते ही दूल्हे ने बरसा दिये थप्पड़
जयमाल स्टेज पर दुल्हन के थप्पड़ बरसाने का मामला अजीमनगर थाना क्षेत्र के गांव से जुड़ा है। यहां के रहने वाले व्यक्ति ने अपनी बेटी की शादी कुछ दिनों पहले शहजादनगर थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवक से तय कर दी थी। खौद चौराहा स्थित मैरिज हाल में शुक्रवार रात दूल्हा बरात लेकर पहुंच गया। बरात के स्वागत के बाद जयमाला के समय दूल्हे ने दुल्हन से पूछा कि उसने अपने पिता से कार के रुपये ले लिए हैं। दुल्हन ने इससे इनकार कर दिया। इसके बाद दूल्हे ने दुल्हन को कई थप्पड़ जड़ दिए।

थप्पड़ लगते ही दुल्हन जयमाल स्टेज से नीचे गिरी, बरातियों में भी चलीं कुर्सियां
दूल्हे के अचानक ताबड़तोड़ थप्पड़ बरसाने से हड़बड़ाई दुल्हन स्टेज से नीचे गिर गई। दूल्हे की हरकत देखकर सभी सकते में आ गए। इसके बाद दुल्हन और दूल्हा पक्ष के लोगों में गाली-गलौज के साथ मारपीट शुरू हो गई। दोनों ओर से जमकर कुर्सियां चलीं। मारपीट में दुल्हन सहित 10 लोगों को चोटें आईं। हंगामे और अफरा-तफरी के बीच दूल्हा कुछ बरातियों के साथ भाग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हे के पिता को थाने ले आई। दुल्हन ने बताया कि कार नहीं मिलने पर दूल्हे ने फेरों से मना कर दिया था। शादी से पहले लगुन में 10 लाख रुपये और दहेज पहले ही दूल्हे के घर पहुंचा दिया गया था।
थाने में रात भर चली पंचायत, समझौते के बाद बरात बैरंग लौटी
बरातियों में हुई हाथापाई से अफरा-तफरी मच गई। दर्जनों कुर्सियां टूट गईं खाना इधर-उधर बिखर गया। बराती-घराती भाग निकले। इसके बाद दोनों पक्षों में शुक्रवार की रात भर थाने में पंचायत चली। कोई नतीजा नहीं निकला। शनिवार को दिन में दोनों पक्षों के बुजुर्गों को बैठाकर पंचायत हुई, लेकिन दुल्हन ने शादी करने से ही इनकार कर दिया। इसके बाद दूल्हा पक्ष बैरंग लौट गया। अजीमनगर थाना प्रभारी कर्म सिंह ने बताया कि दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। इसके चलते शादी नहीं हुई। हालांकि, दोनों पक्षों के बीच शनिवार की शाम को समझौता हो गया। वर या वधू पक्ष की ओर से कार्रवाई के लिए कोई तहरीर नहीं दी गई है।
इसे भी पढ़ें : Mana Avalanche : हादसे में चार की मौत, चार लापता मजदूरों की खोज को GPR से आज चलेगा सर्च ऑपरेशन