प्रयागराज, अभिव्यक्ति न्यूज। प्रयागराज महाकुंभ में लगे विश्व के सबसे बड़े 300 किलोमीटर लंबे जाम के चलते मचे हाहाकार के बाद इससे निपटने के सरकार और संगठन ने मोर्चा संभाल लिया है। शासन के निर्देश पर एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश को आनन-फानन में प्रयागराज भेजा गया, जबकि भाजपा संगठन ने प्रयागराज और आसपास के जिलों में संगठन के पदाधिकारियों से जाम में फंसे लोगों की हरसंभव मदद करने के साथ ही उनकी जरूरत की चीजें मुहैया कराने को निर्देशित किया। इसके बाद संगठन के पदाधिकारी श्रद्धालुओं की मदद को सड़क पर उतर पड़े।

मुख्यमंत्री पल-पल की ले रहे अपडेट
जाम के ताजा हालातों को देखते हुए राज्य सरकार और भाजपा संगठन दोनों ने मोर्चा संभाल लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पल-पल की स्थिति की अपडेट लेकर यातायात प्रबंधन और आमजन को राहत पहुंचाने के निर्देश निरंतर दे रहे हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के निर्देश पर एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश को विशेष विमान से प्रयागराज के लिए भेजा गया। प्रयागराज की ओर उमड़ रही भारी भीड़ की परेशानियों को देखते हुए फिलहाल उन्हें वहीं पर कैंप करने के निर्देश दिए गए हैं।

सरकार और प्रशासन का पूरा सहयोग करें भाजपा कार्यकर्ता
भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने अब उत्तर प्रदेश सरकार, मध्य प्रदेश सरकार की मदद करने की पेशकश की है। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि प्रयागराज महाकुंभ में पार्टी कार्यकर्ता सरकार और प्रशासन का पूरा सहयोग करें। राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भी इसी तरह की अपील मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं से की है, ताकि वे प्रशासन की मदद करते रहें।

यूपी पुलिस रच रही इतिहास: डीजीपी
पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार ने सोमवार को जारी एक बयान में कहा है कि, दुनिया में कहीं भी ऐसी कोई मिसाल नहीं है कि किसी पुलिस बल ने इतनी विशाल मानव-आवाजाही और वाहनों के प्रवाह को इतनी दक्षता से प्रबंधित किया हो। यह सिर्फ एक आयोजन का संचालन नहीं, बल्कि इतिहास रचने जैसा कार्य है। उन्होंने कहा कि, मीडिया एवं सोशल मीडिया पर आलोचना होना स्वाभाविक है, लेकिन श्रद्धालु – चाहे वे आम लोग हों या प्रतिष्ठित व्यक्तित्व – वीडियो के माध्यम से पुलिस और प्रशासन के असाधारण प्रयासों की सराहना कर रहे हैं। डीजीपी के मुताबिक, आज दोपहर के प्रयागराज शहर और अंतर-जनपदीय सीमाओं के वीडियो दर्शाते हैं कि यातायात एक बार फिर लगभग सामान्य हो रहा है, जो यूपी पुलिस के अथक प्रयासों का प्रमाण है। प्रशांत कुमार ने कहा, मैं अपने हर पुलिसकर्मी को सलाम करता हूं – वे नायक हैं, जो हर दिन असंभव को संभव बना रहे हैं।

अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा, केशव प्रसाद मौर्या ने दिया करारा जवाब
प्रयागराज महाकुंभ में जाम के झाम से कराह रहे श्रद्धालुओं की पीड़ा के बहाने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने यूपी सरकार को घेरने की कोशिश की। इस पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कराया जवाब दिया।

महाकुंभ के रास्ते में जाम में फंसे लाखों लोग अपने वाहनों में घंटों से क़ैद हैं। उनकी देखभाल का कोई इंतजाम नहीं है। उपमुख्यमंत्री और कई जाने माने मंत्री नदारद हैं। अधिकारी कमरों में बैठकर आदेश दे रहे हैं लेकिन ज़मीन पर नहीं उतर रहे हैं।
- अखिलेश यादव, सपा प्रमुख

महाकुंभ को लेकर अनर्गल प्रलाप बंद कीजिए, सरकार और भाजपा कार्यकर्ता सेवा ही संगठन के संकल्प के साथ दिन-रात श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे हैं। आपकी राजनीति आस्था और व्यवस्थाओं को नीचा दिखाने तक ही सीमित रह गई है।
- केशव मौर्य, उप मुख्यमंत्री
इसे भी पढ़ें : Prayagraj Mahakumbh : President Draupadi Murmu ने आस्था की डुबकी लगाकर दिया एकता और सामाजिक समरसता का संदेश