प्रयागराज, अभिव्यक्ति न्यूज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने प्रतियोगी छात्रों की मांगों को ध्यान में रखते हुए पीसीएस प्रारंभिक (PCS Pre.) परीक्षा 2024 की तिथि को बदलते हुए नई तिथि 22 दिसंबर घोषित की है। यह फैसला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रतियोगी छात्रों की मांग को ध्यान में रखते हुए की गई पहल के बाद लिया गया है। उधर, UPPSC के बाहर चल रहा प्रतियोगी छात्रों का धरना पांचवें दिन शुक्रवार को समाप्त हो गया है। हालांकि प्रतियोगी छात्र पहले RO/ARO (Pre.)-2023 को भी एक ही दिन में कराए जाने का नोटिफिकेशन जारी किए जाने की मांग कर रहे थे। प्रतियोगी छात्रों को समझा दिया गया है कि इस बारे में समिति गठित कर दी है, उसकी रिपोर्ट के आधार पर छात्र हित में फैसला लिया जाएगा। इसके बाद प्रतियोगी छात्र शांत हो गए और धरना समाप्त करने का ऐलान कर दिया।

छात्र हित में एक ही दिन कराई जाएगी PCS (Pre.) परीक्षा
प्रयागराज में प्रदर्शन कर रहे प्रतियोगी छात्रों के अनुरोध को ध्यान में रखते हुए PCS Pre. परीक्षा 2024 अब एक ही दिन में संपन्न कराई जाएगी। पहले यह परीक्षा सात और आठ दिसंबर को दो दिनों में आयोजित होने वाली थी, लेकिन अब इसे एक ही दिन में 22 दिसंबर को दो पालियों में आयोजित किया जाएगा। PCS Pre. परीक्षा 22 दिसंबर को सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे और दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक दो पालियों में आयोजित की जाएगी। इस निर्णय से प्रतियोगी छात्रों को अब एक ही दिन में परीक्षा देनी होगी, जिससे उनके यात्रा और समय की समस्या को हल किया जा सकेगा।
सीएम योगी ने छात्रों की समस्या का लिया था संज्ञान
यूपी लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने PCS Pre. परीक्षा 2024 और RO/ARO (Pre.)-2023 परीक्षा को अलग-अलग तिथियों में कराने की तैयारी की थी। लोक सेवा आयोग का तर्क था कि इन परीक्षाओं में प्रतियोगी परीक्षार्थियों की भारी तादात होने के कारण एक साथ परीक्षा कराने से शुचिता को बनाए रखने में दिक्कत आती है। इसके साथ ही अलग-अलग तिथियों में परीक्षा कराकर मानकीकरण किया जाएगा। प्रतियोगी छात्र लोक सेवा आयोग के इन दोनों ही आदेशों से नाराज थे और आंदोलन शुरू कर दिया। बवाल बढ़ने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतियोगी छात्रों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए आयोग को इस संबंध में उचित कदम उठाने के लिए कहा था। सीएम योगी की पहल के बाद आयोग ने छात्रों की मांगों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए परीक्षा की तिथि में बदलाव किया है।
इसे भी पढ़ें : UPPSC परीक्षा प्रणाली विवाद : शिक्षाविदों और विशेषज्ञों ने छात्रों से मानकीकरण प्रकिया को समझने पर दिया जोर
लोक सेवा आयोग के बाहर चल रहा छात्रों का धरना समाप्त
यूपी लोक सेवा आयोग (UPPSC) की PCS Pre. 2024 और RO/ARO (Pre.)-2023 परीक्षा को अलग-अलग तिथियों में कराने और परिणाम तैयार करते समय मानकीकरण लागू किये जाने के खिलाफ प्रतियोगी छात्रों ने मोर्चा खोल दिया था। लोक सेवा आयोग के बाहर पिछले पांच दिन से चल रहा प्रतियोगी छात्रों का धरना शुक्रवार को समाप्त हो गया। पीसीएस प्री की परीक्षा की नई तिथि घोषित होने और RO/ARO (Pre.)-2023 परीक्षा के लिए समिति गठित किए जाने के फैसले के बाद प्रतियोगी छात्रों ने अपना धरना समाप्त घोषित कर दिया। मांगें माने जाने के बाद छात्र वापस घर को लौटे। प्रतियोगी छात्रों ने अपने आंदोलन की समाप्ति की घोषणा कर दी।
इसे भी पढ़ें : UPPSC परीक्षा विवाद : सीएम योगी के हस्तक्षेप पर आयोग ने फैसला पलटा, एक ही दिन होगी PCS (Pre.) परीक्षा
