लखनऊ, अभिव्यक्ति न्यूज। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन दिनों महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान में जुटे हुए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को नागपुर में आयोजित संयुक्त जनसभा में कहा कि जनता-जनार्दन की एक ही आवाज सुनाई दे रही है- फिर एक बार, महायुति सरकार। मुख्यमंत्री योगी ने इससे पहले अचलपुर विधानसभा क्षेत्र और अकोला पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करके महाराष्ट्र में भाजपा और महायुति गठबंधन के प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को भी महाराष्ट्र में तीन जनसभाओं को संबोधित करके भाजपा प्रत्याशियों के लिए चुनाव प्रचार करेंगे।

महाराष्ट्र में पूर्ण बहुतम की NDA सरकार बनने जा रही

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अचलपुर विधानसभा के महायुति गठबंधन प्रत्याशी के लिए वोट मांगते हुए जनसभा में कहा कि यहां मौजूद अपार जन उत्साह भाजपा-महायुति की अभूतपूर्व विजय का संदेश दे रहा है। भारत की ‘प्रेरणास्थली’ महाराष्ट्र के अचलपुर विधान सभा क्षेत्र की जनता-जनार्दन का उत्साह घोषणा कर रहा है कि राज्य में पूर्ण बहुमत की NDA सरकार बनने जा रही है। इसके बाद अकोला पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनता-जनार्दन के अपार उत्साह और समर्थन से अभिभूत हूं। महाराष्ट्र में जन-जन का विश्वास भाजपा-एनडीए के साथ है। जय भवानी-जय शिवाजी!

महाराष्ट्र में जनसभा को संबोधित करते उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर कसा तंज

महाराष्ट्र के अचलपुर विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर करारा तंज कसा। कहा कि पिछले तीन दिन से कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे मुझ पर नाराज़ हैं। मैं कह रहा हूँ खड़गे जी एक योगी के लिए देश सबसे पहले है, मेरे नेता मोदी जी के लिए देश पहले है, लेकिन आपके लिए कांग्रेस का तुष्टीकरण सर्वोपरि है। कहा कि खड़गे जी का गांव हैदराबाद के निजाम के आधीन रहने वाला एक गांव था। भारत जब अंग्रेज़ों के अधीन था तो कांग्रेस का उस समय का नेतृत्व मुस्लिम लीग के साथ मिलकर मौन बना हुआ था, इसीलिए मुस्लिम लीग उस समय हिंदुओ को चुन-चुनकर मार रहा था। इसी आग में मल्लिकार्जुन खड़गे का गांव भी जलाया गया था। इसमें इनकी माता जी और परिवार मारा गया, लेकिन खड़गे जी इसको नहीं कहते हैं, क्योंकि जानते हैं कहेंगे तो मुस्लिम वोट खिसक जाएगा। वोट बैंक के खातिर अपने परिवार का बलिदान भूल गए। आगे जोड़ा कि उस समय हिंदू इसलिए काटे गए थे क्योंकि बंटे हुए थे।

मुख्यमंत्री योगी आज भी महाराष्ट्र में गरजेंगे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को तीसरी बार महाराष्ट्र की चुनावी रैली में जाएंगे। सीएम योगी महाराष्ट्र में इससे पहले छह नवंबर और 12 नवंबर को भी चुनाव प्रचार कर चुके हैं। 13 नवंबर को वे यहां तीन रैली कर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में वोट की अपील करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बुधवार को पहली रैली करंजा विधानसभा क्षेत्र में होगी। भारतीय जनता पार्टी ने यहां से प्रत्याशी श्रीमती सईप्रकाश डहाके को चुनाव मैदान में उतारा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूसरी जनसभा थाणे जनपद में होगी। य़हां उल्हासनगर विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी ने कुमार उत्तम चंद आयलानी को टिकट दिया है। वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ की तीसरी जनसभा मीरा भाईंदर से उम्मीदवार नरेंद्र लालचंद जी मेहता के लिए होगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *