बांदा। बांदा मंडल कारागार में बंद माफिया मुख्तार अंसारी की गुरुवार देर शाम दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। इसके बाद बांदा के साथ ही मऊ और गाजीपुर जिलों में भी सुरक्षा सख्त कर दी गई है।
मुख्तार को जेल में गुरुवार दोपहर को पेट और सीने में दर्द की शिकायत हुई थी। इस पर जिला अस्पताल से डॉक्टर बुलाए गए। शाम करीब आठ बजे सीने में तेज दर्द हुआ और उसकी हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे एंबुलेंस से रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। बताया जा रहा है कि उसे हार्ट अटैक पड़ा था। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की टीम ने इलाज शुरू किया। इसी दौरान उसने दम तोड़ दिया।

जेल और मेडिकल कॉलेज बना छावनी
मुख्तार को हार्ट अटैक की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। बांदा जेल और मेडिकल कॉलेज को छावनी में तब्दील कर दिया गया। चुनाव से पहले एरिया डोमिनेशन के लिए बुलाई गई फोर्स को भी मेडिकल कॉलेज के बाहर तैनात कर दिया गया है।
एसपी-डीएम सहित आला अफसरों का डेरा
मुख्तार अंसारी की अचानक हालत बिगड़ने की जानकारी मिलने पर डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी अंकुर अग्रवाल सहित जिले के पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। डीएम और एसपी लगातार फोन पर उच्चाधिकारियों को पल-पल की जानकारी देते रहे।
पहले भी खराब हुई थी तबीयत
इससे पहले सोमवार रात भी मुख्तार की हालत बिगड़ी थी, जिस पर जिला अस्पताल से तीन डॉक्टर बुलाए गए थे। पेट दर्द और फूलने की शिकायत के साथ मोशन नहीं हो रहा था। रात पौने चार बजे उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। वहां 14 घंटे आईसीयू में रखने के बाद मंगलवार शाम सवा छह बजे डिस्चार्ज किया गया तो जेल में शिफ्ट कर दिया गया था। बुधवार दोपहर मुख्तार की हालत फिर बिगड़ी तो जिला अस्पताल से डॉक्टर बुलाए गए। एनिमा आदि लगाने के बाद उसको राहत मिली थी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *