लखनऊ, अभिव्यक्ति न्यूज। मलिहाबाद में महिला सवारी से दुष्कर्म और लूट के बाद हत्या करने वाले मुख्य आरोपी ऑटो चालक अजय कुमार को पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया। शुक्रवार देर रात करीब 10 बजे बदमाश और पुलिस का आमना सामना मलिहाबाद के देवम लान के सामने बाग में हुआ। आरोपी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने आरोपी के पास से बाइक व असलहा बरामद किया है। वहीं, इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी के भाई के दिनेश कुमार को दोपहर में गिरफ्तार किया था। दोनों भाइयों ने मिलकर अयोध्या की रहने वाली महिला को आलमबाग बस अड्डे से मलिहाबाद ले जाकर वारदात को अंजाम दिया।

वारदात में शामिल बड़ा भाई पहले हो चुका गिरफ्तार

डीसीपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि मुठभेड़ में ढेर आरोपी अजय कुमार बसंत कुंज योजना कालोनी का रहने वाला है। उसका बड़ा भाई दिनेश कुमार भी इस वारदात में सहयोगी था। दोनों ई-ऑटो चलाते हैं। शुक्रवार दोपहर को पुलिस ने सबसे पहले बड़े भाई दिनेश को संन्यासी बाग के पास गिरफ्तार किया। मौके से अजय भाग निकला था।

अजय के बुलाने पर वारदात में शामिल हुआ दिनेश

आरोपी दिनेश ने पूछताछ में बताया कि दोनों भाई आलमबाग से सवारी बैठाते हैं। दिनेश ने पुलिस को बताया कि मंगलवार देर रात भाई अजय का फोन आया कि अंधे की चौकी पर आ जाओ। इस पर वह वहां पहुंचा और उसके ई-आटो में बैठ गया। देखा तो पीछे बैठी युवती लगातार भाई से बात कर रही थी। युवती बार-बार ऑटो को रोकने की बात कह रही थी। अजय ने फोन काटने को कहा, लेकिन उसने फोन नहीं काटा। इसपर अजय ने फोन छीन लिया था।

महिला से रेप के बाद गला घोंटकर मार डाला

दिनेश ने पुलिस को बताया कि इसके बाद कसमंडी पुलिस चौकी के आगे मोहम्मदनगर के वाजिदनगर स्थित बाग में ले गए। वहां पर उसका सारा सामान लूट लिया। बाद में दुष्कर्म के बाद महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वारदात से पहले अजय ने ऑटो की नंबर प्लेट हटा दी थी। घटना के बाद फिर से नंबर प्लेट को लगा दिया था। पुलिस ने आरोपी दिनेश के पास से घटना में प्रयुक्त ई-ऑटो व मृतका के शैक्षणिक मूल प्रमाण पत्र बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ लूट और दुष्कर्म की धाराएं बढ़ाई हैं।

पुलिस पर किया पांच राउंड फायर, दो गोली में ढेर

डीसीपी पश्चिमी विश्वजीत श्रीवास्तव के मुताबिक मुख्य आरोपी अजय की तलाश में क्राइम ब्रांच समेत छह टीमें लगी थी। देर रात करीब 9.30 बजे सूचना मिली की मलिहाबाद के देवम लॉन के सामने बाग में अजय देखा गया। पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस से घिरता देख बाइक से भागने का प्रयास किया। जब रास्ता नहीं मिला तो आरोपी अजय ने पुलिस पर पिस्टल से ताबड़तोड़ पांच राउंड फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में अजय गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे दो गोलियां लगीं। आनन-फानन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलिहाबाद ले गये। जहां हालत नाजुक देख ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। ट्रामा सेंटर पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। पुलिस टीम ने उसके पास से बाइक, पिस्टल, दो मोबाइल, नकदी, लाइटर, सिगरेट और अन्य सामग्री बरामद किया है।

450 सीसी कैमरों के खंगाले गए फुटेज

घटना के बाद पुलिस ने आलमबाग से घटनास्थल तक का रूट चार्ट बनाया। इसके बाद करीब 450 सीसी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। कई फुटेज में ई-ऑटो बिना नंबर तो कई में नंबर लगा दिखा। फुटेज से पता चला कि वारदात के बाद दोनों भाई उसी रास्ते से दुबग्गा की तरफ फरार हुए थे। एक फुटेज में दोनों आरोपी ई-ऑटो से उतरते दिखे। यहीं से वे पुलिस की रडार पर आ गए थे।

दोनों भाई हैं ठाकुरगंज थाने के गैंगस्टर

डीसीपी ने बताया कि आरोपी दिनेश पर चोरी, दुष्कर्म, गैंगस्टर समेत नौ मामले दर्ज हैं। भाई अजय पर काकोरी, ठाकुरगंज, मलिहाबाद और पारा थाने में चोरी, गैंगस्टर समेत 23 मामले दर्ज हैं। दोनों भाइयों के खिलाफ वर्ष 2019 में ठाकुरगंज पुलिस ने गैंगस्टर की कार्रवाई की थी।

इसे भी पढ़ें : निलंबित IAS अभिषेक प्रकाश की संपत्ति और निवेशों की भी होगी जांच

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *