वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी लोकसभा सीट से लगातार तीसरी बार भाजपा प्रत्याशी के रूप में मंगलवार को नामांकन किया। नरेंद्र मोदी ने यहां से 2014 में पहली बार और 2019 में दूसरी बार जीत हासिल की थी। इस दौरान रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित विभिन्न प्रदेशों के आधा दर्जन मुख्यमंत्री और एनडीए के विभिन्न घटक दलों के नेता मौजूद रहे। लोकसभा चुनाव के सातवें चरण के तहत वाराणसी में पहली जून को मतदान होना है।

मोदी ने नामांकन से पहले गंगा और कालभैरव से लिया आशीर्वाद
वाराणसी लोकसभा सीट पर नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए मंगलवार को अंतिम दिन था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले गंगा सप्तमी, पुष्य नक्षत्र, सर्वार्थसिद्धि और रवि योग के सुखद संयोग के मध्य दशाश्वमेध घाट के सामने गंगा पूजन किया। इसके बाद काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव का दर्शन-पूजन कर उनसे आशीर्वाद लिया। नरेंद्र मोदी विवेकानंद क्रूज से दशाश्वमेध घाट से गंगा विहार करते हुए आदिकेशव घाट तक गए, फिर नमो घाट पर उतरे। वहां से सड़क मार्ग से कालभैरव मंदिर गए।
मोदी के चार लोग बने प्रस्तावक
नामांकन कराने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रवेश द्वार तक गाड़ी से पहुंचे। वहां से कलक्ट्रेट सभागार तक पैदल आए। वहां मौजूद भाजपा एवं एनडीए के नेताओं का अभिवादन किया। फिर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अयोध्या में रामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा का मुहूर्त निकालने वाले आचार्य पं. गणेश्वर शास्त्री एवं जनसंघ काल के कार्यकर्ता बैजनाथ पटेल के साथ नामांकन कक्ष में दाखिल हुए। गणेश्वर शास्त्री द्रविड़ और बैजनाथ पटेल के अलावा लालचंद कुशवाहा एवं संजय सोनकर प्रधानमंत्री के चार प्रस्तावक बने। चार सेट में पर्चा दाखिला के बाद प्रधानमंत्री सभी विशिष्टजनों के साथ कलक्ट्रेट से निकले।
भाजपा कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र
नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद प्रधानमंत्री ने रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी की। इसमें बूथ से राष्ट्रीय स्तर तक के पदाधिकारी रहे। करीब घंटेभर तक चुनाव जीतने का मंत्र देने के बाद मोदी सड़क मार्ग से बाबतपुर एयरपोर्ट रवाना हुए। वहां से गया के लिए उड़ान भरी। मोदी दो दिनी दौरे पर सोमवार को काशी पहुंचे थे। यहां उन्होंने छह किमी रोड शो करने के बाद विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया था।
नामांकन कक्ष में शपथ पत्र भी पढ़ा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिला निर्वाचन अधिकारी एस. राजलिंगम को नामांकन पत्र सौंपने के बाद खड़े होकर शपथ पत्र पढ़ा। उसका मजमून था-‘मैं नरेंद्र दामोदार दास मोदी लोकसभा में स्थान के लिए अभ्यर्थी के तौर पर नाम निर्दिष्ट किया हूं। ईश्वर की शपथ लेता हूं और सत्यनिष्ठा से प्रतिज्ञा करता हूं कि मैं विधि द्वारा स्थापित भारत के संविधान में सच्ची श्रद्धा व निष्ठा रखूंगा। मैं भारत की एकता व अक्षुण्णता में विश्वास करता हूं।’

नड्डा, अमित शाह और राजनाथ के अलावा एनडीए के कई नेता रहे मौजूद
कलक्ट्रेट में नरेंद्र मोदी के नामांकन के दौरान भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, मेघालय के मुख्यमंत्री कोनरॉड संगमा, राकांपा नेता प्रफुल्ल पटेल, केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले और हरदीप सिंह पुरी, चंद्रबाबू नायडू, पवन कल्याण, जीतन राम मांझी, उपेंद्र कुशवाहा, संजय निषाद, अनुप्रिया पटेल, ओमप्रकाश राजभर, जयंत चौधरी, अंबुमणि रामदास, जीके वासन, देवनाथन यादव, तुषार वेल्लापल्ली और अतुल बोरा मौजूद थे। नामांकन कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी आना था लेकिन स्वास्थ्य संबंधी कारणों से वह नहीं आ सके।
काशी के मेरे परिवारजनों का हृदय से आभार
नामांकन के बाद नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा ‘वाराणसी से लगातार तीसरी बार नामांकन कर बेहद उत्साहित हूं। बीते 10 वर्षों में आप सबसे जो अद्भुत स्नेह और आशीर्वाद मिला है, उसने मुझे निरंतर सेवाभाव और पूरे संकल्प के साथ काम करने के लिए प्रेरित किया है। आपके भरपूर समर्थन और सहभागिता से मैं अपने तीसरे टर्म में भी नई ऊर्जा-शक्ति के साथ यहां के चौतरफा विकास और जनता-जनार्दन के कल्याण में जुटा रहूंगा।’
