नई दिल्ली, अभिव्यक्ति न्यूज डेस्क। हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज होती जा रही हैं। राजनैतिक दल जहां अपने-अपने गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर बैठकों में व्यस्त हैं, वहीं भाजपा ने प्रत्याशियों की सूची जारी करके चुनावी तैयारियों में बढ़त बना ली है। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने बुधवार को भाजपा के 67 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। भाजपा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को करनाल की जगह कुरुक्षेत्र के लाडवा विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया है।

भाजपा ने आठ महिलाओं को चुनाव मैदान में उतारा

भाजपा ने बुधवार को देर शाम हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए 67 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। पहली सूची में 17 विधायक और आठ मंत्री दोबारा टिकट पाने में सफल रहे हैं। भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए आठ महिलाओं को भी चुनाव मैदान में उतारा है। पार्टी नेतृत्व ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को करनाल की जगह कुरुक्षेत्र के लाडवा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतारा है।

किरण चौधरी की बेटी श्रुति मां की सीट पर लड़ेंगी चुनाव

भाजपा ने पूर्व गृह मंत्री अनिल विज को एक बार फिर अंबाला छावनी सीट से प्रत्याशी घोषित किया है। बंसीलाल की पोती और किरण चौधरी की बेटी श्रुति चौधरी को तोशाम से टिकट दिया गया है। श्रुति अपनी मां की सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगी। किरण चौधरी ने 2019 के विधानसभा चुनाव में तोशाम से लगातार चौथी बार जीत दर्ज की थी। पार्टी ने तीन वर्तमान और एक पूर्व मंत्री की टिकट काट दी है। रानियां से बिजली मंत्री रणजीत चौटाला की जगह शीशपाल कंबोज को प्रत्याशी बनाया गया है।

तीन दिन पहले भाजपा में शामिल हुईं अंबाला मेयर को टिकट

भाजपा ने हरियाणा चुनाव में दलबदलुओं को भी भरपूर तवज्जो दी है। तीन दिन पहले भाजपा में शामिल हुईं अंबाला की मेयर शक्तिरानी शर्मा को कालका से उम्मीदवार बनाया गया है। बवानीखेड़ा से राज्य मंत्री बिशंभर वाल्मीकि की जगह कपूर वाल्मीकि को टिकट मिला है। सोहना से खेल मंत्री संजय सिंह की जगह तेजपाल तंवर और पिहोवा से पूर्व खेल मंत्री संदीप सिंह की जगह कमलजीत सिंह अजराना को टिकट मिला है। केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत की बेटी आरती राव को अटेली से टिकट मिला है। जजपा से आए पूर्व मंत्री अनूप धानक को उकलाना, पूर्व मंत्री देवेंद्र बबली को टोहाना और रामकुमार गौतम को सफीदों से टिकट दिया गया है।

जिंदल परिवार को भाजपा ने दिया झटका

भाजपा ने जिंदल परिवार को भी झटका दिया है। हिसार से टिकट की दावेदारी जता रहे जिंदल परिवार के बजाय मौजूदा विधायक और सैनी सरकार में मंत्री कमल गुप्ता को फिर टिकट दिया गया है। राज्यसभा सदस्य कृष्णलाल पंवार को पार्टी ने एक बार इसराना से प्रत्याशी बनाया है। रतिया सीट से पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल को टिकट मिला है। लोकसभा चुनाव में सिरसा से उनका टिकट काट दिया गया था। पहली सूची में एक मात्र खिलाड़ी का नाम शामिल है। महम से दीपक हुड्डा प्रत्याशी बनाए गए हैं।

इसे भी पढ़ें: हरियाणा चुनाव : पहलवान बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट की राजनीतिक एंट्री को लेकर कयासबाजी

Spread the love
One thought on “हरियाणा चुनाव : भाजपा ने 67 प्रत्याशियों की सूची जारी की, सीएम सैनी की बदली सीट, जानें कहां से लड़ेंगे चुनाव”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *