मुरादाबाद, अभिव्यक्ति न्यूज। अमरोहा जनपद के जोया ब्लॉक के गांव पलौला में महिला ग्राम प्रधान ने मनरेगा मजदूरी कार्ड में बड़ा घोटाला किया। ग्राम प्रधान ने अपने चार पुत्रों और एक पुत्रवधू सहित तमाम रिश्तेदारों के नाम जॉब कार्ड में चढ़वाकर मोटी रकम निकाली है। ग्राम प्रधान की पुत्रवधू शबीना देश के मशहूर तेज गेंदबाज किक्रेटर मोहम्मद शमी की छोटी बहन हैं। शबीना के नाम भी मनरेगा का जॉब कार्ड बना हुआ है और उनके खाते में मनरेगा की मजदूरी के रुपये भी जाते थे, जिन्हें उन्होंने निकाला भी है। डीएम ने शिकायत मिलने के बाद डीसी मनरेगा को पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दिए हैं।

मोहम्मद शमी की बहन के खाते में आए लगभग 70 हजार रुपये

जोया ब्लॉक के गांव पलौला में गुले आयशा महिला ग्राम प्रधान हैं। यहां मनरेगा में 657 जॉब कार्ड बने हुए हैं। इनमें से करीब 150 एक्टिव कार्ड हैं। इस लिस्ट में 473वें नंबर पर शबीना पत्नी गजनबी का नाम है। गुले आयशा के पुत्र गजनबी और पुत्रवधू शबीना का मनरेगा योजना में 4 जनवरी, 2021 को रजिस्ट्रेशन हुआ था। शबीना अमरोहा के निवासी भारतीय टीम के तेज गेंदबाज क्रिकेटर मोहम्मद शमी की बहन हैं। मोहम्मद शमी की बहन शबीना ने 21 मार्च, 2022 से 23 जुलाई, 2024 तक मनरेगा में 374 दिन मजदूरी की है। उनके खाते में मनरेगा के करीब 70 हजार रुपये गए हैं।

क्रिकेटर मोहम्मद शमी के जीजा भी मनरेगा मजदूर बने

शबीना के पति और क्रिकेटर मोहम्मद शमी के जीजा गजनबी भी मनरेगा मजदूर हैं। रिकॉर्ड के मुताबिक इन्होंने साल 2021 से 2024 तक करीब 300 दिन मजदूरी की। इस काम के बदले उनके खाते में करीब 66 हजार रुपये आए। जॉब कार्ड लिस्ट में 576 नंबर पर नेहा का नाम है। ये ग्राम प्रधान गुले आयशा की बेटी हैं। साल 2019 में निकाह होने के बाद गांव से करीब 7 किलोमीटर दूर पति के साथ कस्बा जोया में रह रही हैं। इसका भी मनरेगा मजदूरी कार्ड बना है। साल 2022 से 2024 तक इसके खाते में भी काफी पैसा आया है।

ग्राम प्रधान के रिश्तेदारों और परिचितों के खाते में आई भारी धनराशि

ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान गुले आयशा ने मनरेगा में बड़ा फर्जीवाड़ा किया है। पुत्र और पुत्रवधू के अलावा भी अपने परिवार के सभी सदस्यों, जानने वालों, रिश्तेदारों और चहेतों को मजदूर बना दिया। बाकायदा इनके खाते में पैसा आया और निकाला भी गया। ग्राम प्रधान की पुत्रवधू और भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की छोटी बहन शबीना तथा जीजा गजनबी के अलावा ग्राम प्रधान का एक बेटा एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है और एक वकील भी है। इन सभी के नाम पर मनरेगा के जॉब कार्ड बने हैं। उन्हें भुगतान भी किया गया। गांव निवासी जावेद ने आरोप लगाया कि सैकड़ों खातों में फर्जी तरीके से पैसा भेजकर सरकारी पैसे का दुरुपयोग किया गया।

फ्लैट में रहती हैं मोहम्मद शमी की बहन

शिकायत के अनुसार शबीना क्रिकेटर शमी की छोटी बहन हैं। वह अपने पति गजनबी के साथ जोया में एक फ्लैट में रहती हैं। फ्लैट की मौजूदा कीमत 20 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। इसके अलावा भी शबीना के नाम ठीक-ठाक संपत्ति है। उसके बावजूद भी उन्होंने अपना नाम मनरेगा जॉब कार्ड में दर्ज करवा दिया और मनरेगा से खाते में आने वाली सरकारी धनराशि को भी निकालती रहीं।

डीएम ने कहा, जांच कराएंगे, नहीं बचेंगे दोषी

मनरेगा में फर्जीवाडे़ से क्रिकेटर मोहम्मद शमी की बहन शबीना और जीजा गजनबी का नाम जुड़ने से पूरे अमरोहा जिले में हलचल मच गई। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि मनरेगा फंड को ग्राम प्रधान द्वारा अपने घर के सदस्यों के खातों में डालने की शिकायत मिली है। इसकी जांच डीसी मनरेगा के माध्यम से कराई जा रही है। इसमें जो भी दोषी हैं, कंप्यूटर ऑपरेटर हो, एपीओ या ब्लॉक लेवल से जो भी अधिकारी इसमें शामिल रहा, उनसे सारी रकम वसूल कर कार्रवाई की जाएगी।

इसे भी पढ़ें : Uttarakhand : नैनीताल आने वाले पर्यटकों से वसूला जाएगा Green tax, स्थानीय वाहनों को रहेगी छूट

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *