मुंबई। अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर गोली चलाने के आरोप में गिरफ्तार हुए विकी गुप्ता और सागर पाल ने पूछताछ में कई अहम खुलासे किए हैं। आरोपियों ने कहा कि उन्होंने मशहूर होने और इनाम पाने के लिए यह सब किया है।

काला हिरण मामले में अभिनेता को देना चाहते थे सजा

एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आरोपियों ने बताया कि गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल ने दोनों को काम पर रखा था। वे सलमान खान को 1998 में जोधपुर में किए गए काले हिरण के शिकार मामले में सजा देना चाहते थे। सलमान खान को डराने के लिए दोनों को एक लाख रुपये मिले थे और बाकी के तीन लाख रुपये काम पूरा होने के बाद मिलने वाले थे। संयुक्त पुलिस आयुक्त (क्राइम) लखमी गौतम ने कहा, पूछताछ के दौरान पता चला कि अनमोल ने दोनों से कहा था कि अगर वे सलमान खान के घर गोलियां चलाने में सफल हो जाते हैं तो वे न सिर्फ मशहूर हो जाएंगे बल्कि उचित इनाम भी दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि विकी 10वीं पास है, जबकि सागर ने आठवीं तक की पढ़ाई की है।

लॉरेंस की हिरासत मांग सकती है पुलिस
रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई पुलिस लॉरेंस बिश्नोई की पुलिस हिरासत की मांग कर सकती है। इसके लिए पुलिस जल्द ही अदालत का रुख कर सकती है। वहीं, लॉरेंस के भाई अनमोल के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर भी जारी हो सकता है। अनमोल कनाडा में रहता है और सलमान खान के घर पर फायरिंग के मामले में सोशल मीडिया के जरिये कथित तौर पर जिम्मेदारी भी ले चुका है।

10 राउंड फायरिंग की गई थी
रिपोर्ट में दावा किया गया है, सलमान खान के घर के बाहर कम से कम 10 गोलियां चलाई गईं। आरोपियों को गोलियों की कम से कम दो मैग्जीन खाली करने के लिए कहा गया था। दोनों का उद्देश्य सिर्फ डराना था।

पुलिस गवाह के तौर पर सलमान खान का बयान दर्ज करेगी
पुलिस अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित आवास के बाहर गोलीबारी मामले में गवाह के रूप में उनका बयान दर्ज करेगी। सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी साझा की। सूत्रों ने बताया, इससे पहले जब गोलीबारी की घटना के बाद मुंबई पुलिस के अधिकारी सलमान खान के घर पहुंचे तो अभिनेता कथित तौर पर गुस्से में थे। वह अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित थे। सूत्रों ने बताया कि अभिनेता ने मुंबई पुलिस द्वारा मुहैया कराई गई सुरक्षा पर भी सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि उनके यहां सुरक्षाकर्मियों की भारी तैनाती के बावजूद ऐसी घटना हुई। इससे पहले मंगलवार को मुंबई क्राइम ब्रांच ने कहा था कि अपराधियों ने गोलीबारी करने से पहले अभिनेता के आवास की रेकी की थी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *