नई दिल्ली । लोकसभा चुनाव में भाजपा का विकल्प बनने के दावे के बीच सीट बंटवारे में ही इंडिया गठबंधन बिखरता नजर आ रहा है। इंडिया गठबंधन को बुधवार को दोहरा झटका लगा है। तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल में अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान करते हुए कांग्रेस को झटका दिया। इसके कुछ देर बाद ही आम आदमी पार्टी ने भी साफ कर दिया कि वह पंजाब में कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं करेगी। दिल्ली में दो दौर की वार्ता के बाद भी सीट बंटवारे पर फैसला नहीं हो सका है।
पश्चिम बंगाल में कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे को लेकर चल रहे टकराव के बीच ममता बनर्जी ने कहा कि हमने सीट बंटवारे का एक प्रस्ताव दिया था, पर उन्होंने शुरू में ही इसे नकार दिया। हमारी पार्टी ने अब बंगाल में अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया है। उन्होंने बात आगे बढ़ाते हुए कहा कि बंगाल में कांग्रेस के साथ तृणमूल का कोई संबंध नहीं है।
ममता की राह पर पंजाब में भगवंत मान
बंगाल के बाद पंजाब में भी आम आदमी पार्टी (आप) ने कांग्रेस के साथ गठबंधन की संभावना से इनकार कर दिया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि प्रदेश की सभी 13 सीटों पर ‘आप’ अकेले चुनाव लड़ेगी। पार्टी किसी के साथ कोई समझौता नहीं करेगी। इसके साथ उन्होंने सभी 13 सीट पर जीत का दावा करते हुए कहा कि पार्टी ने सभी सीट पर संभावित उम्मीदवारों की सूची बना ली है।
कांग्रेस को अभी भी उम्मीद, निकल आएगा रास्ता
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के पश्चिम बंगाल में अकेले चुनाव लड़ने के ऐलान के बाद कांग्रेस डैमेज कंट्रोल में जुट गई है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि बंगाल में ममता बनर्जी के बगैर इंडिया गठबंधन की कल्पना नहीं की जा सकती है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा था कि हम भाजपा को हराएंगे, भारत जोड़ो न्याय यात्रा इसी भावना के साथ गुरुवार को बंगाल में प्रवेश कर रही है।

गठबंधन पर कांग्रेस और ‘आप’ के बीच स्थिति स्पष्ट नहीं
कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन को लेकर स्थिति बहुत साफ नहीं हो पाई है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि राजधानी दिल्ली में दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई है, पर पंजाब, हरियाणा, गुजरात और गोवा को लेकर चर्चा नहीं हुई है। पार्टी रणनीतिकार मानते हैं कि पंजाब प्रदेश कांग्रेस भी आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन के लिए तैयार नहीं है। ये भी संकेत मिल रहे हैं कि दोनों दलों ने यह फैसला आपसी सहमति से लिया हो, ताकि भाजपा समेत दूसरे दलों को मुख्य विपक्ष बनने का मौका नहीं मिल पाए।
गठबंधन जल्द टूट जाएगा : केंद्रीय राज्यमंत्री मुरुगन
ममता बनर्जी की घोषणा के बाद केंद्रीय सूचना और प्रसारण, पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री एल.मुरुगन ने दावा किया कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा का संयुक्त रूप से मुकाबला करने के लिए 28 विपक्षी दलों द्वारा बनाया गया इंडी गठबंधन जल्द ही टूट जाएगा। भाजपा नेता मुरुगन ने कहा, मुझे उम्मीद है कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बाद माकपा भी केरल में बिना किसी गठबंधन के संसद चुनाव लड़ेगी।
