आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को माफिया मुख्तार अंसारी की मौत के बाद अपराधियों पर चुटकी लेते हुए कहा कि अभी तक माफिया जमानत तुड़वाकर जेल पहुंचते थे। अब तो वहां भी जाने से डर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर कानून का डर माफिया और अपराधियों को न हो तो ये गरीबों, व्यापारियों तथा आम लोगों का जीना मुहाल कर देंगे। बोले-पहले प्रदेश में त्योहारों पर कर्फ्यू लगता था, आज शांति है..कांवड़ यात्रा भी निकल रही है।

गठबंधन में दल मिले लेकिन दिल नहीं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने चुनावी अभियान की शुरुआत सीकरी में जनचौपाल से की। यहां इंडी गठबंधन को निशाने पर लेते हुए कहा कि उनको प्रत्याशी नहीं मिल रहे हैं। सपा का प्रत्याशी कांग्रेस में जा रहा है, कांग्रेस का सपा में जा रहा है। केरल में कम्युनिस्टों ने कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं किया, लेकिन वे इंडी गठबंधन का हिस्सा हैं। यही हाल महाराष्ट्र समेत अलग-अलग क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है। किसी प्रकार जोड़तोड़ कर चुनावी अखाड़े में यह दांव आजमा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक ओर भाजपा के नेतृत्व में एनडीए गठबंधन है तो दूसरी तरफ वे लोग हैं, जो दल को मिलाना चाहते हैं, लेकिन उनके दिल नहीं मिल पा रहे हैं। इंडी गठबंधन में जो लोग हैं, उनकी स्थिति भी आप देख रहे होंगे। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस ने सभी सीटों पर प्रत्य़ाशी उतार दिए, लेकिन कांग्रेस के लिए एक भी सीट नहीं छोड़ी, फिर भी वे गठबंधन का हिस्सा हैं। वहीं मतदाता पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा को आशीर्वाद देने के लिए आश्वस्त हैं।

अब प्रदेश में दंगा नहीं चलेगा
सीएम ने माफिया मुख्तार अंसारी की मौत पर परोक्ष तंज करते हुए कहा कि पहले सूर्य अस्त होने के बाद थानों में ताले लग जाते थे। आज ज्यादातर अपराधी अपनी जमानतें तुड़वाकर जेल पहुंच जाते हैं। लेकिन अब तो वह वहां भी जाने से डर रहे हैं। आज अपराधी गले में पट्टी लटकाकर कह रहे हैं कि हम ठेला लगाकर जीवन यापन कर लेंगे, बस जान बख्श दो। कहा कि अब प्रदेश में दंगा नहीं चलेगा। त्योहारों पर कर्फ्यू नहीं लगता।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *