देहरादून। चारधाम यात्रा के लिए उमड़ी भीड़ को देखते हुए कुछ एहतियाती कदम उठाने बेहद जरूरी हैं। चारधाम यात्रा शुरू करने से पहले ऑनलाइन पंजीकरण कराएं। ऑफलाइन पंजीकरण केंद्रों पर भारी भीड़ के चलते परेशान होने के साथ ही पंजीकरण होने को लेकर भी संदेह है। इसके साथ ही यात्रा का रूट तय करके अपने रुकने के ठिकाने के तौर पर होटल भी कन्फर्म बुक करा लें। अगर हेली सेवा का इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो टिकट कंफर्म कराने के बाद ही यात्रा प्लान करें।
प्रतिदिन प्रति धाम सिर्फ एक हजार ऑफ लाइन पंजीकरण
चारधाम की यात्रा पर दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार से लेकर बंगाल तक के राज्यों से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। चारधाम यात्रा के लिए उत्तराखंड आने पर हरिद्वार और ऋषिकेश में ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा दी गई है। ऑफलाइन पंजीकरण प्रतिदिन प्रतिधाम के अनुसार सिर्फ एक हजार ही है। ऑफ लाइन पंजीकरण केंद्रों पर चारधाम यात्रियों की उमड़ रही भीड़ को देखते हुए सभी का ऑफलाइन पंजीकरण में सभी का नंबर आना मुश्किल है। ऐसे में ऑनलाइन पंजीकरण न होने पर यात्रा शुरू नहीं हो सकती है। किसी भी तरह का पंजीकरण न होने की स्थिति में होटल समेत टैक्सी, हेली बुकिंग तक निरस्त करवानी पड़ सकती हैं।

होटल न मिलने पर खुले आसमान के नीचे बितानी पड़ेगी रात
पंजीकरण के साथ ही धामों में होटल, धर्मशाला, होम स्टे की बुकिंग भी कंफर्म कराएं। ऐसा न होने पर ठंड में खुले आसमान के नीचे रात बितानी पड़ सकती है। यात्रा में अपने साथ खाने और पानी का इंतजाम भी लेकर चलें। बीच रास्ते में जाम के दौरान दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है। स्वास्थ्य सही न होने यात्रा से परहेज करें। यात्रा में आने पर पर्याप्त मात्रा में दवाई का स्टॉक रखें। मैदान की गर्मी से उच्च हिमालयी क्षेत्रों में आने पर सेहत बिगड़ सकती है, इसीलिए अपने साथ गर्म कपड़े रखें। इसके साथ ही छाता, रेनकोट साथ ले जाना न भूलें। धाम में पहुंच कर दर्शन को लंबा इंतजार न करना पड़े, इसके लिए टोकन और स्लॉट जरूर बुक करा लिया जाए।
इन विकल्पों में करा सकते हैं पंजीकरण
चार धाम यात्रा में आने से पहले श्रद्धालु अपना पंजीकरण सुनिश्चित करें। पंजीकरण करने के बाद होटल, धर्मशाला, होम स्टे की बुकिंग सुनिश्चित कराएं। बुकिंग सुनिश्चित होने के बाद ही चार धाम यात्रा को शुरू करें। पंजीकरण registrationandtouristcare.uk.gov.in पर करा सकते हैं। इसके साथ ही व्हाट्सअप नंबर 8394833833 पर यात्रा टाइप कर भी पंजीकरण हो सकता है। इसके अलावा टोल फ्री नंबर 1035-1364 और touristcareuttarakhand ऐप डाउनलोड कर भी पंजीकरण कराया जा सकता है। हेलीकॉप्टर से यात्रा को heliyatra.irctc.co.in से टिकट बुक कराएं। फर्जी वेबसाइट से टिकट बुक कराने से बचें।
इन नंबरों पर करें संपर्क
चार धाम यात्रा से जुड़ी किसी भी तरह की जानकारी लेने को पर्यटन विभाग की ओर से जारी नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है। इसके लिए पर्यटन विभाग ने 0135-1364 के साथ ही 0135-2559898 और 0135-2552627 पर संपर्क कर जानकारी ली जा सकती है। सड़कों पर जाम से लेकर दूसरी जानकारियों के लिए उत्तराखंड पुलिस के फेसबुक पेज से भी सम्पर्क किया जा सकता है।
ऑनलाइन बुकिंग 22 जून तक फुल
चार धाम यात्रा में ऑनलाइन पंजीकरण 22 जून तक पूरी तरह फुल है। अब ऑनलाइन पंजीकरण 22 जून के बाद के ही हो रहे हैं। ऋषिकेश और हरिद्वार में ऑफलाइन पंजीकरण गुरुवार को भी बंद रहेंगे। शुक्रवार से ऑफलाइन पंजीकरण शुरू किए जाने को गुरुवार को फैसला लिया जाएगा।
