देहरादून। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के शुरू होने पर मंदिरों के कपाट खुलने के अवसर पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने रविवार को यह घोषणा की। केदारनाथ मंदिर, यमुनोत्री और गंगोत्री के कपाट 10 मई को खुलने जा रहे हैं, जबकि बदरीनाथ धाम के कपाट 12 को मई खुलेंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को दिल्ली स्थित उत्तराखंड सदन से बाबा केदारनाथ डोली यात्रा के साथ चलने वाले “मुख्य सेवक का भंडारा कार्यक्रम’ के 300 सेवादारों की टीम को वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम देहरादून में मुख्यमंत्री आवास के मुख्य सेवक सदन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में दिल्ली से वर्चुअल रूप से शामिल हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 मई से उत्तराखंड की चारधाम यात्रा शुरू होने वाली है। यह राज्य के लिए उत्सव का वातावरण तैयार करती है।

चारधाम यात्रा तैयारियों को अंतिम रूप दिया

चारधाम यात्रा सुगम और सुरक्षित रखने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। पेयजल, परिवहन, विद्युत, स्वास्थ्य, आपदा प्रबन्धन, पुलिस, यातायात, लोक निर्माण आदि विभागों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अहम निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि 10 मई से पहले पहले सभी तैयारियों को हर हाल में पूरा कर लिया जाए।

महत्वपूर्ण है मुख्य सेवक का भंडारा
केदारनाथ मंदिर के कपाट खुलने से पहले भगवान केदारनाथ की पंचमुखी भोगमूर्ति चल विग्रह उत्सव डोली यात्रा, पंचकेदार गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ से अपने धाम के लिए प्रस्थान करती है। इस दौरान बाबा केदार की उत्सव डोली यात्रा में आने वाले सभी श्रद्धालुओं के भोजन आदि की व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रेरणा से प्रदेश के युवाओं द्वारा भंडारे का आयोजन किया जाता है। पिछले साल की तरह इस साल भी युवा पांच मई से दस मई तक ‘मुख्य सेवक का भंडारा कार्यक्रम’ का आयोजन करने जा रहे हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *