लखनऊ, अभिव्यक्ति न्यूज। उत्तर प्रदेश में विधानसभा की सभी नौ सीटों पर समाजवादी पार्टी के ही सिंबल पर गठबंधन के प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने बुधवार को इस बारे में सोशल मीडिया पर राहुल गांधी का हाथ में हाथ लिए हुए फोटो जारी करते हए लिखा कि ‘बात सीट की नहीं जीत की है’। इस रणनीति के तहत ‘इंडिया गठबंधन’ के संयुक्त प्रत्याशी सभी 9 सीटों पर समाजवादी पार्टी के चुनाव चिन्ह ‘साइकिल’ के निशान पर चुनाव लड़ेंगे। अखिलेश ने लिखा – हमने ये ठाना है ‘संविधान, आरक्षण, सौहार्द’ बचाना है, ‘बापू-बाबासाहेब-लोहिया’ के सपनों का देश बनाना है।

एक भी वोट न घटने पाए, एक भी वोट न बंटने पाए

उपचुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर सपा और कांग्रेस में चल रही खींचतान के बीच अचानक आए बदलाव से सियासतदां भी हैरान रह गए। इस फैसले को लेकर तमाम तरह की राजनैतिक कयासबाजी के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी एक बड़ी जीत के लिए एकजुट होकर, कंधे से कंधा मिलाकर साथ खड़ी है। इंडिया गठबंधन इस उपचुनाव में, जीत का एक नया अध्याय लिखने जा रहा है, इसीलिए हमारी सबसे अपील है : एक भी वोट न घटने पाए, एक भी वोट न बंटने पाए।

कांग्रेस के साथ आने से शक्ति कई गुना बढ़ी

अखिलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं के साथ आने से समाजवादी पार्टी की शक्ति कई गुना बढ़ गयी है। इस अभूतपूर्व सहयोग और समर्थन से सभी 9 विधानसभा सीटों पर ‘इंडिया गठबंधन’ का एक-एक कार्यकर्ता जीत का संकल्प लेकर नयी ऊर्जा से भर गया है। ये देश का संविधान, सौहार्द और PDA का मान-सम्मान बचाने का चुनाव है। देशहित में ‘इंडिया गठबंधन’ की सद्भाव भरी ये एकता और एकजुटता आज भी नया इतिहास लिखेगी और कल भी।

हम इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों को पूरी मजबूती से चुनाव लड़ाएंगे

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश के प्रभारी श्री अविनाश पांडे ने यूपी के विधानसभा उपचुनाव में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों को मजबूती के साथ चुनाव लड़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस अपने प्रत्याशी नहीं उतारेगी। हम इंडिया गठबंधन समाजवादी पार्टी के सभी प्रत्याशियों को पूरी ताकत से चुनाव जिताने का काम करेंगे। इस देश के संविधान और देश के मूल्यों को बचाने के लिए और भाजपा के हराने के लिए जनता के हित में यह आवश्यक निर्णय लिया गया है।

कांग्रेस अपना दफ्तर और झंडा भी सपा को सौंप दे : आचार्य प्रमोद कृष्णम

कांग्रेस नेता से संत बने कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने यूपी के उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी के फैसले पर करारा तंज कसा है। काग्रेस के सपा के सिंबल पर ही गठबंधन के प्रत्याशियों को चुनाव लड़ाने के फैसले पर आचार्य ने सोशल प्लेटफार्म एक्स पर लिखा कि कांग्रेस पार्टी को अपना दफ्तर और झंडा भी सपा को सौंप देना चाहिए। आचार्य प्रमोद कृष्णम पिछले काफी समय से कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर तीखे बयान जारी करते रहे हैं।

इसे भी पढ़ें : तोहफा : यूपी के राज्य कर्मचारियों को दिवाली से पहले मिलेगा वेतन

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *