अयोध्या, अभिव्यक्ति न्यूज। रामलला की मौजूदगी में रामनगरी में बुधवार को पहली बार आयोजित अलौकिक और अविस्मरणीय दीपोत्सव में एक साथ दो रिकॉर्ड बने। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत समेत यूपी मंत्रिमंडल के कई सदस्यों की मौजूदगी में आयोजित दीपोत्सव में सरयू के 55 घाटों पर 25.12 लाख दीये अनवरत जलाने का रिकॉर्ड बना। इसके साथ ही पहली बार 1121 वेदाचार्यों ने सरयू की आरती की, जो रिकॉर्ड बन गया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण तथा हनुमान जी का रथ खींचा। इस दौरान उनके कैबिनेट के कई सहयोगी भी शामिल हुए।

गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की टीम ने सीएम योगी को सौंपा प्रमाण पत्र
रामनगरी ने दीपोत्सव पर लगातार सातवीं बार अपना ही कीर्तिमान तोड़ दिया। प्रभु राम के अयोध्या लौटने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जाने वाले आठवें दीपोत्सव में बुधवार शाम राम की पैड़ी के 55 घाट 28 लाख से अधिक दीयों से जगमगा उठे। इसमें से 25,12,585 दीयों के अनवरत प्रज्ज्वलित होने का नया विश्व रिकॉर्ड बन गया। गणना के बाद गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की टीम ने इस वैश्विक उपलब्धि की घोषणा कर इसका प्रमाणपत्र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सौंपा। पिछले वर्ष दीपोत्सव में 22.23 लाख दीये जले थे।

1121 वेदाचार्यों ने की सरयू की आरती, बन गया रिकॉर्ड
‘श्रीरामलला की मौजूदगी’ में पहली बार हुए दीपोत्सव में 1121 वेदाचार्यों ने सरयू की आरती की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत आदि ने भी सरयू मैया की आरती उतारी। इस दौरान योगी कैबिनेट के अन्य सहयोगियों ने भी दीप जलाकर सरयू मैया की आरती की। यहां अनेक साधु-संतों के साथ अनेक विशिष्ट जनों द्वारा आरती की गई। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधि ने सरयू आरती के रिकॉर्ड की घोषणा की।

सीएम योगी ने भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण का रथ खींचा
इससे पहले अवधपुरी में पुष्पक विमान से भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण का वेष धरे कलाकार उतरे तो हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा भी की गई। भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण का वेष धरे कलाकार जब रथ में सवार होकर आयोजनस्थल की ओर चले तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रथ खींचा। दिवाली में अपने सिरमौर के प्रति श्रद्धा का यह नजारा देखकर विह्वल अयोध्यावासियों की आंखों से खुशी की अश्रुधारा बह निकली। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही, स्वतंत्र देव सिंह, जयवीर सिंह समेत जनप्रतिनिधि और साधु-संत मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : अयोध्या दीपोत्सव : खास होगी रामलला की पहली दिवाली, पुष्पक विमान से भगवान राम और सीता का होगा आगमन
