मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को मुंबई और इसके उपनगर नवी मुंबई को जोड़ने वाले देश के सबसे लंबे समुद्री पुल अटल सेतु (atal setu) का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस परियोजना का पूरा होना ही उनकी गारंटी है। प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को महाराष्ट्र में कुल 30,500 करोड़ रुपये से अधिक लागत की कई परियोजनाओं का शुभारंभ किया।
मोदी ने पड़ोसी रायगढ़ जिले के पनवेल में एक सार्वजनिक बैठक में कहा, जब मैं 24 दिसंबर, 2016 को इस समुद्री पुल की आधारशिला रखने के लिए यहां आया था, जिसे कई बाधाओं का सामना करना पड़ा था। उस समय मैंने संकल्प लिया था कि देश में बदलाव आएगा। कोविड-19 महामारी से बाधाओं के बावजूद समुद्री पुल का काम पूरा होना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, लोग तंग आ चुके थे, जिस तरह बड़ी परियोजनाएं रुकी हुई थीं और उन्होंने उम्मीद छोड़ दी थी कि बड़ी परियोजनाएं कभी पूरी होंगी, लेकिन यह मोदी की गारंटी है कि देश बदलेगा।
आज बड़ी परियोजनाओं की चर्चा
मोदी ने कहा कि 2014 से पहले बड़े-बड़े घोटाले चर्चा का विषय हुआ करते थे। उन्होंने कहा कि लेकिन 10 साल बाद बड़ी परियोजनाओं के पूरा होने की बात हो रही है। प्रधानमंत्री ने कहा, बीते 10 वर्षों में सपने सच हुए हैं। समुद्री पुल विकसित भारत का प्रतिबिंब है। यह भारत की ढांचागत शक्ति और एक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ने को दर्शाता है।
जापानी सरकार का आभार जताया
प्रधानमंत्री ने कहा, मैं जापान सरकार को धन्यवाद देता हूं और दिवंगत जापानी पीएम शिंजो आबे को याद करता हूं। हम दोनों ने मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक परियोजना को पूरा करने का संकल्प लिया था। कार्यक्रम स्थल से, मोदी ने कई अन्य परियोजनाओं का भी शुभारंभ किया।
आगामी परियोजनाएं गिनाईं
मोदी ने कहा कि आगामी परियोजनाएं नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, मुंबई में तटीय सड़क, एयूआरआईसी (औरंगाबाद औद्योगिक शहर), मुंबई-दिल्ली औद्योगिक गलियारा और बुलेट ट्रेन आने वाले वर्षों में महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देंगी।
