नई दिल्ली, अभिव्यक्ति न्यूज। नई दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को अपना इस्तीफा दे दिया। इससे पहले विधायक दल की बैठक में आतिशी को मुख्यमंत्री चुन लिया गया। आतिशी ने सरकार बनाने का दावा भी पेश कर दिया है। आतिशी दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री होंगी। इससे पहले सुषमा स्वराज और शीला दीक्षित महिला मुख्यमंत्री के रूप में कार्य कर चुकी हैं। उधर, सत्ता परिवर्तन पर भाजपा ने कहा कि मेकओवर ने आम आदमी पार्टी के दाग नहीं धुलेंगे।

अरविंद केजरीवाल ने पद छोड़ने का किया था ऐलान
शराब नीति केस में 13 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद अरविंद केजरीवाल ने 15 सितंबर को पार्टी दफ्तर में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में मुख्यमंत्री पद छोड़ने का ऐलान किया था। उन्होंने कहा था, ‘अब जनता तय करेगी कि वह ईमानदार हैं या बेईमान। जनता ने अगली बार चुनाव जिताकर दाग धोया तभी वह दुबारा दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की कुर्सी पर बैठेंगे।
एलजी को सौंपा इस्तीफा, आतिशी चुनी गईं नई नेता
अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार शाम उपराज्यपाल (LG) विनय सक्सेना को अपना मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा सौंप दिया। उनके साथ आतिशी और चार अन्य मंत्री मौजूद थे। दिल्ली सरकार ने 26 और 27 सितंबर को विधानसभा का सत्र बुलाया है। इससे पहले आतिशी मार्लेना को दिल्ली की मुख्यमंत्री बनाने का ऐलान किया गया। केजरीवाल ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी (AAP) की विधायक दल की बैठक में उनके नाम का प्रस्ताव रखा। इस पर विधायकों ने सहमति जताई।
आतिशी बोलीं मुझे बधाई मत दीजिए, माला मत पहनाइये
आम आदमी पार्टी की बैठक में विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद आतिशी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह अपने राजनीतिक गुरु अरविंद केजरीवाल का धन्यवाद करती हैं, जिन्होंने उन्हें इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी है। आप लोग मुझे बधाई मत दीजिएगा, फूल माला भी मत पहनाइएगा, मेरे लिए और दिल्लीवालों के लिए यह दुख की घड़ी है कि हम सबके चहेते मुख्यमंत्री अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं।
स्वाति मालीवाल बोलीं, भगवान दिल्ली की ऱक्षा करें
इस बीच, AAP की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने आतिशी को दिल्ली का मुख्यमंत्री चुने जाने पर तीखा हमला किया है। मीडिया से स्वाति मालीवाल ने कहा, ‘जिसके परिवार ने आतंकी अफजल गुरु के लिए लड़ाई लड़ी, उसे आम आदमी पार्टी ने मुख्यमंत्री बना दिया है। भगवान दिल्ली की रक्षा करें। दिल्ली के लिए आज बहुत ही दुख भरा दिन है।
इसे भी पढ़ें : अरविंद केजरीवाल आज देंगे इस्तीफा, मुख्यमंत्री पद के लिए नए नामों पर चर्चा
