नई दिल्ली में बुधवार को तिहाड़ जेल से रिहा होने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते आप सांसद संजय सिंह।

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह बुधवार को करीब छह माह बाद तिहाड़ जेल से बाहर आए। बाहर आते ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि यह जश्न मनाने का नहीं, संघर्ष का समय है। सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन भी जल्द जेल से छूट जाएंगे।

उनके स्वागत के लिए आप कार्यकर्ताओं की भीड़ जेल के बाहर थी। संजय सिंह एक गाड़ी के ऊपर चढ़ गए और उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। सिंह की रिहाई की खबर सुनकर शाम से ही तिहाड़ के बाहर कार्यकर्ता जुटने लगे थे। बड़ी संख्या में आप कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए मौजूद थे।
कोर्ट का ऑर्डर पहुंचने के सवा घंटे बाद जेल से बाहर आए
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह बुधवार रात करीब 8.15 बजे जेल से बाहर निकले। तिहाड़ जेल के अधिकारियों को उनकी जमानत का ऑर्डर करीब 7 बजे मिला और करीब सवा घंटे बाद संजय सिंह जेल से बाहर निकले थे। ढोल नगाड़ों के बीच गेट नंबर 4 से बाहर आते ही संजय सिंह अपने समर्थकों के अभिवादन किया और उनके बीच पहुंच गए।
जेल से निकलते ही संजय सिंह ने दिखाए पुराने तेवर
तिहाड़ जेल से बाहर आते ही संजय सिंह अपने पुराने अंदाज में दिखाई दिए। समर्थकों के गले मिले और फिर उनके बीच जाकर संबोधित किया। इस दौरान करीब 10 मिनट जेल के बाहर ही मौजूद रहे। आप के यूथ विंग के अध्यक्ष पंकज गुप्ता, उपाध्यक्ष पंकज शर्मा, तुगलकाबाद से निगम पार्षद राकेश अपने समर्थकों के साथ मौजूद रहे। करीब 10 मिनट तक अपने समर्थकों के बीच रहने के बाद संजय सिंह 8 गाड़ियों के काफिले के साथ सीएम केजरीवाल के घर के लिए निकल गए।

इस्तीफा नहीं देंगे केजरीवाल : आप सांसद
संजय सिंह देर रात पार्टी मुख्यालय पहुंचे। यहां सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर जमकर हल्ला बोला। आप सांसद ने कहा कि आम आदमी पार्टी और इसके नेताओं का जन्म आंदोलन से हुआ है। हम सब केजरीवाल के साथ खड़े हैं। मुख्यमंत्री इस्तीफा नहीं देंगे। हम धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। ये लोग सिर्फ केजरीवाल का इस्तीफा नहीं मांग रहे, बल्कि दिल्लीवालों को मिल रही सुविधाएं बंद करना चाहते हैं।

तिहाड़ से वापस आने के बाद आप सांसद संजय सिंह दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर पहुंचे और वहां पर उनकी पत्नी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।

गिरफ्तारी के विरोध में सात को सामूहिक उपवास
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी ने सात अप्रैल को सामूहिक उपवास की घोषणा की है। देशव्यापी उपवास के जरिए लोकतंत्र को बचाने की अपील की जाएगी। आप के प्रदेश संजोयक गोपाल राय ने बुधवार को सभी देशवासियों से सामूहिक उपवास में शामिल होने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि सात अप्रैल की सुबह 11 बजे से जंतर-मंतर पर सामूहिक उपवास होगा। इसमें दिल्ली के सभी मंत्री, विधायक, पार्षद और पार्टी पदाधिकारी शामिल होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आम आदमी पार्टी का व्यक्तिगत कार्यक्रम नहीं है, बल्कि देश से प्रेम करने वाले सभी देशभक्त लोगों का कार्यक्रम है। केंद्र सरकार के खिलाफ जो लोग आवाज बुलंद करना चाहते हैं, वे इसमें शामिल हों।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *