नोएडा, अभिव्यक्ति न्यूज। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने बुधवार को कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) के जरिये उत्तर प्रदेश की हुनरमंद तस्वीर दुनिया के सामने पेश हुई है। उत्तर प्रदेश के दस्तकारों ने अपनी दस्तकारी का नमूना दुनिया के सामने पेश करके साबित कर दिया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में प्रदेश बदल रहा है। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में यूपी इंटरनेशन ट्रेड शो के दूसरे सीजन की शुरुआत की।

बाप-दादों का हुनर दुनिया के सामने पहुंचा रहे
मुख्य अतिथि उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि यूपी के दस्तकार अपने बाप-दादे के हुनर को गली-कस्बों, बाजारों और मेलों तक ही नहीं ढो रहे हैं। यूपी की नवोदित दस्तकारों की पीढ़ी ने देश-विदेश तक खरीदारों और प्रशंसकों की कतार खड़ी कर दी है। ट्रेड शो में लगे भिन्न-भिन्न दस्तकारों के तरह-तरह के हुनर से सजी कलाकृतियों को देखकर उपराष्ट्रपति अभिभूत नजर आए। मेले में दस्तकारों की चिकन की कढ़ाई, जरी जरदोजी, बांसुरी, खिलौनों, हॉर्न क्राफ्ट से लेकर 80 जीआई टैग हुए छोटे-छोटे हुनर देखकर हर कोई लालायित दिखा।
बायर्स और शिल्पकारों को एक मंच पर लाने का अवसर
इंडिया एक्सपो मार्ट में शुरू हुए यूपीआईटीएस मेले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन करने के बाद उप राष्ट्रपति ने कहा कि ऐसा लग रहा है कि वह दुनिया के सबसे विकसित देश में हैं। यह आयोजन प्रदेश के कारीगरों, शिल्पकारों तथा दुनियाभर के बायर्स को एक मंच पर लाने का अवसर प्रदान करता है। इतने विचारशील, दूरदर्शी और व्यावहारिक सोच के साथ भव्य आयोजन के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई देता हूं।
यूपी के लिए गेम चेंजर साबित हुए योगी आदित्यनाथ
उप राष्ट्रपति ने कहा कि ट्रेड शो के भव्य आयोजन को देखकर वह समझ नहीं पा रहे हैं कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली का वर्णन कैसे किया जाए। योगी के गतिशील शासन में देश का सबसे बड़ा राज्य फल-फूल रहा है। योगी इस राज्य के लिए गेम चेंजर साबित हुए हैं और इससे देश को काफी मदद मिल रही है। कहा कि वह मुख्यमंत्री योगी के 24 घंटे कार्य करने की विशेष शैली से अभिभूत हैं। कार्यक्रम में मौजूद केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने ट्रेड शो के आयोजन को रोजगार का सबसे बड़ा मंच करार दिया। इस दौरान ट्रेड शो के आयोजकों ने दावा किया है कि 29 सितम्बर तक 3.5 लाख से ज्यादा लोगों के पहुंचने का अनुमान है।
