मुरादाबाद, अभिव्यक्ति न्यूज। शोहदे की हिमाकत भरी धमकी से डरी बीए की छात्रा ने जनवरी से स्कूल जाना छोड़ कर अपने को खुद घर में सीमित कर लिया है। अपने दो दोस्तों के साथ घर पर पहुंच कर पड़ोसी युवक ने धमकी दी है कि वह उसकी हो जाए अन्यथा एसिड डाल कर उसका चेहरा बिगाड़ देंगे। आरोप है कि आरोपी युवक इससे पहले स्कूल आते-जाते समय अश्लील कमेंट करता था। छात्रा ने विरोध जताया तो वह धमकी देने घर पहुंच गया। सहमी छात्रा ने पुलिस में शिकायत की तो मुगलपुरा पुलिस ने आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया है।
डरी-सहमी छात्रा ने खुद को घर में बंद किया
मुगलपुरा थाना क्षेत्र की कॉलोनी में रहने वाली 20 साल की छात्रा ने पुलिस में शिकायत करते हुए आरोप लगाया है कि उसके पड़ोस में रहने वाला युवक सुमित कॉलेज आने-जाने के दौरान उसके साथ अक्सर छेड़छड़ करता था। आरोपी छात्रा को अश्लील इशारे भी करता था। आरोपी की हरकतों से तंग आकर छात्रा ने जनवरी से कॉलेज जाना बंद कर दिया। इसके बाद आरोपी अपने दो साथियों के साथ उसके घर पर पहुंच गया।
घर पर पहुंच कर दी तेजाब डालने की धमकी
पड़ोसी युवक की हरकतों से परेशान छात्रा का आरोप है कि उसने कॉलेज जाना छोड़ा तो आरोपी सुमित अपने दो साथियों केशव और विक्की के साथ 15 सितंबर को उसके घर के गेट पर आ गया। आते ही उसने धमकी दी कि अगर वह उसकी नहीं हुई तो तेजाब डालकर चेहरा खराब कर देंगे। आरोप है कि युवक और उसके साथियों ने जान से भी मारने की धमकी दी। विरोध करने पर आरोपी वहां से भाग निकले। इसके बाद पीड़िता ने थाने में तहरीर दी।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच, आरोपियों की तलाश
मुगलपुरा थाना प्रभारी कुलदीप तोमर ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर सुमित और उसके दोनों साथियों केशव और विक्की को नामजद करते हुए छेड़छाड़, अश्लील कमेंट करने और धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया गया है। छात्रा की शिकायत की जांच की जा रही है। आरोपी फरार हैं, उनकी तलाश भी जा रही है। पुलिस टीम जल्द ही मामले की जांच पूरी कर लेगी और अगर आरोप सही मिलते हैं तो आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
