लखनऊ, अभिव्यक्ति न्यूज : पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू और भाजपा नेता अपर्णा यादव का लंबे समय से चल रहा इंतजार पूरा हो गया। भाजपा ने उनकी वफादारी का इनाम उन्हें राज्य महिला आयोग का उपाध्यक्ष मनोनीत कर दिया है। आगरा की बबिता चौहान को अध्यक्ष बनाया गया है। गोरखपुर की चारू चौधरी को भी उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके साथ ही अलग-अलग क्षेत्रों की महिलाओं को सदस्य मनोनीत किया गया है।

अपर्णा यादव को करना पड़ा ढाई साल इंतजार
हाल ही प्रदेश की दस विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव होना है। इसे देखते हुए भाजपा अपने नेताओं को आयोगों में पद देकर समायोजित कर रही है। इसी क्रम में मंगलवार को राज्य महिला आयोग के उपाध्यक्ष पद पर पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की छोटी पुत्रवधू अपर्णा यादव को मनोनीत किया है। अपर्णा यादव ने विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ज्वाइन की थी और पार्टी में कोई महत्वपूर्ण पद पाने के लिए करीब ढाई साल इंतजार करना पड़ा। इस दौरान उन्हें विघानसभा चुनाव लड़ाने बाद में विधान परिषद में भेजे जाने की चर्चाएं चलीं, लेकिन पद के लिए अपर्णा का इंतजार बढ़ता रहा।

उपचुनाव को देखते हुए चल रहा समायोजन
लोकसभा चुनाव परिणाम के बाद से सकते में आई भाजपा उपचुनाव में विपक्ष को हावी होने का मौका नहीं देना चाहती है। इसे देखते हुए जातीय समीकरण साधने के इरादे से भाजपा अलग-अलग समुदायों के नेताओं को आयोगों में समायोजित कर रही है। इसी क्रम में शिक्षा आयोग और पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग में मनोनयन किए जा चुके हैं।

महिला आयोग में सदस्यों की भी हुई नियुक्त, देखें सूची
महिला कल्याण अनुभाग की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने आगरा की बबिता चौहान को राज्य महिला आयोग का अधयक्ष नियुक्त किया है। अपर्णा यादव के साथ ही गोरखपुर की चारू चौधरी को उपाध्यक्ष मनोनीत किया है। इसके साथ ही आयोग में अलग-अलग क्षेत्रों में कार्य करने वाली महिलाओं की सदस्यों की नियुक्ति भी की गई है।
