देहरादून। सचिवालय में बुधवार को चारधाम यात्रा की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फेक न्यूज के जरिये चारधाम यात्रा को बदनाम करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा का दुष्प्रचार करने वालों तथा फेक वीडियो बनाने वालों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई शुरू की जाए। कुछ लोग यात्रा को लेकर भ्रामक और गलत बातें प्रसारित कर रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

क्राउड और ट्रैफिक मैनेजमेंट पर करें फोकस
मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान क्राउड और ट्रैफिक मैनेजमेंट पर फोकस किया जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह-जगह स्थापित हॉल्डिंग प्लेस पर पेयजल, शौचालय और भोजन आदि सुविधाओं का लाइव टेलीकास्ट कराया जाए। उन्होंने चारधामों के लाइव टेलीकास्ट के भी निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को 24 घंटे अपने मोबाइल फोन खुले रखने के निर्देश दिए और कहा कि लोगों की शिकायतों का तत्काल समाधान कराया जाए। उन्होंने प्रभारी सचिवों को सचिवालय से ही चारधाम यात्रा की मॉनीटरिंग के निर्देश दिए।

मेडिकल हिस्ट्री छिपाने वालों से कड़ाई से निपटें
मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने चारधाम यात्रा पर आने वाले कुछ श्रद्धालुओं द्वारा रजिस्ट्रेशन के दौरान अपनी मेडिकल हिस्ट्री की जानकारी न देने या फिर गलत जानकारी देने के मामलों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य सचिव को निर्देश दिए कि 50 साल से अधिक आयु के यात्रियों की हेल्थ स्क्रीनिंग पर विशेष फोकस किया जाए।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *