मुरादाबाद। मुरादाबाद-काशीपुर हाईवे पर भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव सिढावली और गुलरिया के बीच शनिवार दोपहर करीब एक बजे रसोई गैस सिलेंडर से भरे ट्रक में आग लग गई। आग की चपेट में आकर सिलेंडर कई-कई मीटर ऊंचाई तक उड़-उड़कर धमाके के साथ फटने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों ओर का ट्रैफिक रोक दिया। दमकल विभाग की टीमों ने आठ फायर टेंडर की मदद से करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आसपास के गांवों के लोग धमाके सुनकर दहशत में आ गए।

गाजियाबाद के लोनी से ट्रक भारत गैस के 400 सिलेंडर लेकर शनिवार सुबह मुरादाबाद के जटपुरा गांव स्थित सेट्टी गैस एजेंसी के लिए निकला था। बताया गया कि दोपहर करीब एक बजे ट्रक गुलरिया और सिढावली गांव के बीच पहुंचा तो उसकी इंटरनल वायरिंग में आग लग गई। हवा के कारण आग टायरों तक पहुंच गई और टायर जलने लगे। पीछे चल रहे दूसरे वाहन के चालक ने ट्रक चालक को इसकी जानकारी दी तो उसने फौरन ट्रक रोक दिया और एक गन्ने के रस वाले से पानी लेकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन पलक झपकते ही आग विकराल हो गई और आग ने पूरे ट्रक को चपेट में ले लिया। हालात बेकाबू होता देख ट्रक चालक और गन्ने का रस बेचने वाले वहां से भाग खड़े हुए।

रसोई गैस सिलेंडरों में होने लगे धमाके
आग की लपटों ने गैस सिलेंडरों को चपेट में ले लिया और धमाके के साथ फटने लगे। कुछ सिलेंडर शक्तिशाली पटाखों की तरह कई-कई मीटर ऊपर जाकर फट रहे थे। सूचना मिलते ही एसएचओ भोजपुर बिजेंद्र सिंह टीम के साथ पहुंच गए। पुलिस ने आनन-फानन सड़क के दोनों ओर से ट्रैफिक रोक दिया।

गेहूं के खेतों में लग गई आग

गैस सिलेंडरों के धमकों से आसपास के गांव के लोग दहल गए। एक के बाद एक जलते हुए कई सिलेंडरों के खेतों में गिरने से आसपास के खेतों में खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई। हादसे की जानकारी होने पर पहुंचे ग्रामीणों ने पेड़ की डालियों और टहनियों की मदद से फसल में लगी आग बुझाने की कोशिश की। एसपी देहात संदीप कुमार मीणा, सीओ ठाकुरद्वारा राजेश कुमार तिवारी, एसएचओ भोजपुर बिजेंद्र सिंह, एसओ डिलारी पवन कुमार, एसएचओ भगतपुर कृष्ण कुमार भी अपनी टीम के साथ घटना स्थल पर डटे रहे।

100 गांवों की बिजली आपूर्ति हो गई बाधित
सिलेंडर से भरे ट्रक में आग लगने और धमकों के साथ सिलेंडर फटने से हाईवे किनारे के जंगल में भी आग लग गई। इससे वहां से गुजर रही 11 हजार और 33 हजार की एचटी लाइन भी जल गई। इससे क्षेत्र के करीब 100 गांव में आपूर्ति बाधित हो गई।

पुलिस ने हटाया जले हुए ट्रक का मलबा
एसपी देहात संदीप कुमार मीणा ने बताया कि दोपहर करीब एक बजे भोजपुर के सिढावली के पास चलते ट्रक में आग लग गई। चालक ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुआ। आग से सिलेंडर धमाके के साथ फट कर दूर तक गिरे, जिससे फसल जली है। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। कोई जनहानि नहीं हुई है। सड़क पर पड़े जले हुए ट्रक और मलबे को हटाकर आवागमन सुचारू कराया गया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *