देहरादून, अभिव्यक्ति न्यूज। उत्तराखंड की चारधाम यात्रा में शामिल विश्वप्रसिद्ध 11वें ज्योर्तिलिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट बैसाख मास, मिथुन राशि, वृष लग्न में दो मई को प्रात: सात बजे पूरे विधि-विधान के साथ खुलेंगे। भगवान भैरवनाथ जी की 27 अप्रैल को पूजा होगी, जबकि बाबा केदार की पंच मुखी डोली 28 अप्रैल को श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ से केदारनाथ धाम के लिए प्रस्थान करेगी। महाशिवरात्रि के अवसर पर श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि की घोषणा की गई। उत्तराखंड सरकार ने चारधाम यात्रा की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

पंचाग गणना के बाद श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तय हुई तिथि

उखीमठ स्थित श्री ओंकारेश्वर मंदिर में बुधवार को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर परंपरागत तरीके से धर्माचार्यों वेदपाठियों ने पंचाग गणना के पश्चात विधि-विधान से श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि तय की। इस दौरान श्री केदारनाथ धाम रावल भीमाशंकर लिंग, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, दायित्वधारी चंडीप्रसाद भट्ट एवं श्री बदरीनाथ – केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल सहित पंचगाई समिति के पदाधिकारी और सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद थे। इन सबकी मौजदूगी में श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की घोषमा की गई।

चारधाम यात्रा की तैयारियों में आएगी तेजी

महाशिवरात्रि के अवसर पर उखीमठ स्थित श्री ओंकारेश्वर मंदिर को भव्य रूप से फूलों से सजाया गया था। श्रद्धालुओं में उत्साह रहा। सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु श्री ओंकारेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए उखीमठ पहुंचे। इस अवसर पर भोलेनाथ के भजन कीर्तन का आयोजन भी हुआ तथा श्रद्धालुओं ने प्रसाद वितरण किया। बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने श्री केदारनाथ धाम के कपाट तय होने के अवसर पर सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं और बताया कि श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि तय होते ही यात्रा की केदारनाथ धाम यात्रा तैयारियों को अधिक गति मिलेगी। मंदिर समिति के स्तर श्री केदारनाथ यात्रा तैयारियां की जा रही है।

भगवान केदारनाथ की पंचमुखी डोली प्रस्थान का कार्यक्रम भी तय

बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने कहा कि कपाट खुलने की तिथि तय होने के साथ ही भगवान केदारनाथ की पंचमुखी डोली के श्री केदारनाथ धाम प्रस्थान का कार्यक्रम भी घोषित हो गया। पंचमुखी डोली के केदारनाथ धाम प्रस्थान कार्यक्रम के तहत 27 अप्रैल को भगवान भैरवनाथ जी की पूजा-अर्चना होगी। श्री केदारनाथ भगवान की पंचमुखी डोली 28 अप्रैल को श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ से प्रस्थान कर रात्रि प्रवास के लिए प्रथम पड़ाव श्री विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी पहुंचेगी। 29अप्रैल को श्री विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी से रात्रि प्रवास के लिए द्वितीय पड़ाव फाटा को प्रस्थान होगी। 30 अप्रैल फाटा से रात्रि प्रवास के लिए तृतीय पड़ाव गौरादेवी मंदिर गौरीकुंड पहुंचेगी। यहां से एक मई की शाम को भगवान केदारनाथ जी की पंचमुखी डोली श्री केदारनाथ धाम पहुंच जायेगी।

वृष लग्न में खुलेंगे श्रीकेदारनाथ धाम के कपाट

बीकेटीसी अधिशासी अभियंता अनिल ध्यानी ने बताया कि दो मई को शुक्रवार के दिन प्रात: सात बजे वृष लग्न में श्री केदारनाथ धाम के कपाट तीर्थयात्रियों के दर्शनार्थ खुलेंगे। श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि तय हो गयी है । जल्द ही मंदिर समिति का अग्रिम दल केदारनाथ धाम जाकर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करेगा।

चारधाम यात्रा वर्ष के लिए पुजारियों के नाम घोषित

बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि आज ही आगामी चारधाम यात्रा वर्ष के लिए श्री केदारनाथ धाम, मद्महेश्वर धाम के लिए पुजारियों के नाम घोषित हुए हैं। श्री केदारनाथ धाम के लिए बागेश लिंग पुजारी का दायित्व संभालेंगे। शिवलिंग मद्महेश्वर पुजारी रहेंगे तथा श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ गंगाधर लिंग तथा श्री विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी में शिवशंकर लिंग पूजा-अर्चना का दायित्व निभायेंगे।

श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि तय होने के समय ये लोग भी मौजूद रहे

श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि तय होने के अवसर पर बीकेटीसी अधिशासी अभियंता अनिल ध्यानी, सहायक अभियंता गिरीश देवली, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी डीएस भुजवान, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी/ केदारनाथ प्रभारी अधिकारी यदुवीर पुष्पवान, प्रशासनिक अधिकारी रमेश नेगी, पुजारी शिवशंकर लिंग, टी. गंगाधर लिंग, बागेश लिंग, वेदपाठी स्वयंबर सेमवाल, यशोधर मैठाणी, विश्व मोहन जमलोकी, कुलदीप धर्म्वाण, प्रकाश पुरोहित, उमेश शुक्ला ( भंडारी), खुशाल सिंह नेगी सहित बड़ी संख्या यें तीर्थ पुरोहितगण और हक हकूकधारी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि इस यात्रा वर्ष श्री बदरीनाथ धाम के कपाट चार मई को प्रात: छह बजे खुलेंगे, जबकि परंपरागत रूप से श्री गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया के दिन खुलते हैं और इस वर्ष अक्षय तृतीया 30 अप्रैल को है।

इसे भी पढ़ें : जॉब्स अलर्ट : विधान परिषद में योगी का ऐलान, 30 हजार पुलिस कार्मिकों की जल्द होगी नई भर्ती

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *