मुरादाबाद, अभिव्यक्ति न्यूज। मुरादाबाद की कुंदरकी विधानसभा सीट पर हुए By Election में 31 साल बाद भाजपा का कमल खिल गया। मुस्लिम बाहुल्य कुंदरकी विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी का पिछले 12 साल से वर्चस्व कायम था। उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी रामवीर सिंह ने रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल करके समाजवादी पार्टी का रसूख समाप्त कर दिया। भाजपा प्रत्याशी रामवीर सिंह कुंदरकी विधानसभा सीट पर दो बार हार के बाद तीसरी बार में जीतकर हासिल कर ली। रामवीर सिंह ने कुंदरकी विधानसभा By Election में 170371 वोट हासिल करके समाजवादी पार्टी के मोहम्मद रिजवान को 144791 मतों से हराया। मोहम्मद रिजवान को मात्र 25580 वोट हासिल हुए।
सपा समेत सभी 11 प्रत्याशियों की जमानत जब्त
कुंदरकी By Election में जहां भाजपा प्रत्याशी रामवीर सिंह की बड़ी जीत का रिकॉर्ड बना वहीं सपा प्रत्याशी मोहम्मद रिजवान समेत अन्य सभी 11 प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई। सपा समेत अन्य सभी 11 प्रत्याशी कुल पड़े वोटों में से 1/6 वोट हासिल नहीं कर सके। रिटर्निंग अधिकारी संत दास पंवार ने कहा कि निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार कुंदरकी By Election उपचुनाव में 2,21,516 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। इसमें सर्वाधिक भाजपा के जीते प्रत्याशी रामवीर सिंह को 1,70,371 वोट हासिल हुए और वह दूसरे नंबर पर रहे सपा प्रत्याशी मो. रिजवान को रिकॉर्ड 1,44,791 वोटों से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। सपा के मोहम्मद रिजवान को 25,580, बसपा के रफतउल्ला को 1099, आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रत्याशी चांद बाबू को 14,201, आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल के मोहम्मद वारिस को 8111, सम्राट मिहिर भोज समाज पार्टी के साजेब को 102, निर्दलीय मसरूर को 141, मोहम्मद उवैश को 118, मो. उवैस को 260, रिजवान अली को 483, रिजवान हुसैन को 758 और निर्दलीय शौकीन को 292 ही मत हासिल हुए।

By Election में प्रदेश की सभी नौ सीटों पर सबसे ज्यादा मतदान और सबसे बड़ी जीत
प्रदेश की 9 विधानसभा सीटों पर हुए By Election के परिणाम ने कुंदरकी के नाम रिकॉर्ड बनाया। पहले 20 नवंबर को कंदरकी विधानसभा सीट पर प्रदेश की सभी 9 सीटों की तुलना में सबसे अधिक 57.84 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। अब 23 नवंबर को परिणाम की घोषणा में प्रदेश में भाजपा प्रत्याशी रामवीर सिंह की सबसे बड़ी जीत से इतिहास रचकर प्रदेश की राजनीति में बड़ा संदेश दिया। भाजपा प्रत्याशी रामवीर सिंह ने 1,44,791 वोटों से जीत हासिल की है।
नौ सीटों पर कौन कितने मतों से जीता
कुंदरकी- रामवीर सिंह ठाकुर- (भाजपा)- 168526 (143192 से जीत)
गाजियाबाद- संजीव शर्मा- (भाजपा) 96946 (69351 से जीत)
फूलपुर- दीपक पटेल- (भाजपा) 78289 (11305 से जीत)
मझवां- सुचिस्मिता मौर्या- (भाजपा) 77737 (4922 से जीत)
कटेहरी- धर्मराज निषाद- (भाजपा) 104091 (34514 से जीत)
खैर- सुरेंद्र दिलेर– (भाजपा) -100181 (38393 से जीत)
मीरापुर- मिथिलेश पाल (रालोद)- 84304 (30796 से जीत)
तेज प्रताप यादव- (सपा) – 104304 (14725 से जीत)
नसीम सोलंकी- (सपा) – 69714 (8564 से जीत)

कुंदरकी में रिकॉर्ड जीत पर मुख्यमंत्री बोले, राष्ट्रवाद की विजय हुई
यूपी में कुंदरकी विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी की बड़े अंतराल (31 साल बाद) से मिली बड़ी जीत को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘कुंदरकी में राष्ट्रवाद की विजय है, ये विरासत और विकास की विजय है! हर व्यक्ति को अपने जड़ और मूल की याद आती है। मुझे लगता है कि जो भूले भटके रहे होंगे उन सबमें, किसी को अपना गोत्र याद आया होगा, किसी को अपनी जाति याद आई होगी। कुंदरकी By Election की विजय बताती है कि आने वाले समय में यूपी में समाजवादी पार्टी कहां जाने वाली है।
