धनबाद/लखनऊ, अभिव्यक्ति न्यूज। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को झारखंड में तीसरी बार चुनावी रण में प्रचार अभियान में पहुंचे। उन्होंने 15 नवंबर को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पावन जयंती और झारखंड के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के साथ ही कांग्रेस, राजद और वामपंथी उनके निशाने पर रहे। बोले कि पहले चरण के मतदान का रुझान बता रहा कि झारखंड को लूटने वाले झामुमो, कांग्रेस और राजद सत्ता से बेदखल होने जा रहे हैं और भाजपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रही है। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस, कम्युनिस्ट, झामुमो और राजद वाले यहां दिखावा करते हैं और रांची में एक ही थाली में खाकर लूट-खसोट करते हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को निरसा विधानसभा से प्रत्याशी अपर्णा सेनगुप्ता, सिंदरी से तारा देवी, बोकारो से बिरंची नारायण, चंदनक्यारी से अमर कुमार बाउरी व बेरमो से रविंद्र कुमार पांडेय, गोमिया से लंबोदर महतो के लिए जनसभा कर जिताने की अपील की।
झामुमो की गोद में बैठकर झारखंड को गुमराह कर रहे कांग्रेस और राजद
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी ने 15 नवंबर 2000 को झारखंड का निर्माण किया था। उनका सपना था कि झारखंड विकास करेगा तो भारत भी विकास करेगा, लेकिन झारखंड को और भी बदतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। जब झारखंड का निर्माण हो रहा था, तब कांग्रेस व राजद विरोध कर रही थी। झामुमो की गोद में बैठकर दोनों पार्टियां झारखंड को गुमराह कर रही हैं। एक तरफ यह लूट रहे हैं तो दूसरी तरफ लुटेरों के सरदार वामपंथियों को सिर पर उठाकर झारखंड को नक्सलवाद का गढ़ बनाने की तरफ उतारू हैं। इन्हें पनपने नहीं देना है।

मजदूरों को ब्लैकमेल कर माल कमाते हैं वामपंथी
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि धनबाद कोयले की राजधानी भी कही जाती है। यहां का कोयला मजदूर वामपंथियों की ब्लैकमेलिंग का शिकार हो रहा है। वामपंथी संघर्ष का नारा लगवाएंगे, हड़ताल करवाते हैं, फिर ब्लैकमेल करके माल कमाते हैं। मजदूर वहीं का वहीं रह जाता है और लाल सलाम वाले मालामाल बन जाते हैं। कोई बैरियर बनता है तो यह लोग उसकी निर्मम हत्या भी करते हैं। सभी जानते हैं कि भाजपा विधायक अपर्णा सेनगुप्ता के पति के साथ क्या हुआ था। लालसलाम वालों को धक्का देकर बाहर करना है।
कांग्रेस सांसद के घर 350 करोड़ और झामुमो मंत्री के घर मिले 35 करोड़
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस प्रभारी कह रहे थे कि सरकार आएगी तो सिलेंडर देंगे। जब तुम्हारी सरकार थी तो क्या कर रहे थे। वे लोग हिंदुओं-जनजातियों का अधिकार घुसपैठियों को भी देंगे। भाजपा कहती है कि योजना का लाभ जनजातीय और झारखंडवासियों को मिलेगा, घुसपैठियों को नहीं। झामुमो, कांग्रेस व राजद ने लूटखसोट के अलावा क्या किया है। कांग्रेस के एक सांसद के घर 350 करोड़ रुपये तो झामुमो सरकार के मंत्री के घर में 35 करोड़ रुपये मिले। यह झारखंड का पैसा है, जो चंद लोग लूटकर घर को भरने का कार्य कर रहे हैं। भ्रष्टाचारियों के लिए राजनीति में कोई जगह नहीं है। इसे रोकने के लिए भाजपा आवश्यक है।
सीएम योगी ने किए श्रीराम व मां काली के दर्शन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निरसा रैली से पहले नयाडांगा में श्रीराम मंदिर व मां काली के दर्शन किए। सीएम ने मंदिर कमेटी के लोगों का अभिनंदन करते हुए कहा कि हम लोग पिछड़ गए, लेकिन निरसा ने पहले ही राम मंदिर व मां काली का भव्य मंदिर बना दिया। मां काली व भगवान राम का मंदिर बहुत भव्य बना है। निरसा के लोगों को धन्यवाद।
कार्तिक पूर्णिमा पर कटेहरी व मझवां के मतदाताओं से संवाद करेंगे योगी
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के चुनावी दौरे पर रहेंगे। वे यहां कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद दो चुनावी रैली भी करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की रैली कटेहरी और मझवां विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के लिए होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इससे पहले 10 नवंबर को दोनों विधानसभा क्षेत्रों में जनसभा कर चुके हैं। मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे अंबेडकरनगर के डाढ़ी का मैदान कटेहरी में जनसभा को संबोधित करेंगे। यहां से भारतीय जनता पार्टी ने धर्मराज निषाद को मैदान में उतारा है। सीएम योगी की दूसरी जनसभा मझवां विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार सुचिस्मिता मौर्य के लिए होगी। यह जनसभा चंदईपुर में होगी।
इसे भी पढ़ें : महाराष्ट्र चुनाव: जनसभा में सीएम योगी ने कसा तंज- ड्राइविंग सीट पर बैठने को MVA में छीना-झपटी
