देहरादून। फिल्म अभिनेत्री उर्वशी रौतेला लोकसभा चुनाव में अपना वोट डालने के लिए मुंबई से अपने गृहनगर कोटद्वार पहुंच गई हैं। उन्होंने गुरुवार को सिद्धबली मंदिर में दर्शन किए और एक पारिवारिक विवाह समारोह में हिस्सा भी लिया। उर्वशी शुक्रवार को कोटद्वार के सुखरो इंटर कॉलेज में बने बूथ में अपना वोट डालेंगी।
अपना शहर पसंद, इसलिए कोटद्वार में बना रहीं घर
उर्वशी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि वह अपने वोट की अहमियत जानती हैं और वोट देने का अवसर चूकती नहीं हैं। वह चाहती हैं कि एक सही प्रत्याशी को क्षेत्र की सेवा करने का अवसर मिलना चाहिए। उर्वशी ने बताया कि वह अपना ड्रीम प्रोजेक्ट अपना आशियाना कोटद्वार में बनाने जा रही हैं। पिछले पांच साल से इसका निर्माण जारी है। इस पर करीब 25 करोड़ लागत आ चुकी है। मुंबई की भागदौड़ भरी जिदंगी के मुकाबले उन्हें अपना राज्य उत्तराखंड और अपना शहर कोटद्वार ही प्यारा लगता है, इसलिए उन्होंने यहां घर बनाने की सोची।
